GA4-314340326 श्रावणी मेला 2026 : बाबा बैद्यनाथ पर जलार्नपण के लिए नए फुट ओवरब्रिज का परीक्षण, देवघर में डबल डेकर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध

श्रावणी मेला 2026 : बाबा बैद्यनाथ पर जलार्नपण के लिए नए फुट ओवरब्रिज का परीक्षण, देवघर में डबल डेकर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध

Shravan Mela 2026: New foot overbridge for offering water at Baba Baidyanath to be tested, entry of double-decker vehicles banned in Deoghar
फुट ओवरब्रिज के परीक्षण से पूर्व पूजा करते डीसी।
देवघर (novbhaskar): राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के सफल संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को पुख्ता करने में जिला प्रशासन लगा हुआ है। मेले शुरू होने से पूर्व प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में नए फुट ओवरब्रिज का सफल परीक्षण किया गया। मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण हुआ और सुरक्षा के मद्देनजर भारी वाहनों के प्रवेश पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए। बाबा बैद्यनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित जलार्पण कराने के लिए नवनिर्मित फुट ओवरब्रिज का विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सफल परीक्षण किया गया। मौके पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के अलावा उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और एसडीओ सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार मौजूद थे।

 भीड़ नियंत्रण और भक्तों की सुरक्षा प्राथमिकता 

 उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेले और आम दिनों में भारी भीड़ को देखते हुए कतार प्रबंधन को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। यह नया ओवरब्रिज श्रद्धालुओं को बिना बाधा के मंदिर प्रांगण तक पहुंचाएगा, जिससे जाम और भगदड़ जैसी स्थितियों से निजात मिलेगी।

असामाजिक तत्वों पर नजर : पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस ओवरब्रिज के चालू होने से सुरक्षा बलों को कतार नियंत्रित करने में सहूलियत होगी। भीड़ का दबाव कम होने से असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सकेगी और श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन कर सकेंगे।

डीसी ने मेला क्षेत्र का किया पैदल निरीक्षण 

मेले के सफल संचालन के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने मेला क्षेत्र का सघन पैदल भ्रमण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। बरमसिया चौक से सरकार भवन मोड़, बीएड कॉलेज से तिवारी चौक और शिवराम झा चौक तक की रूटलाइन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। साथ ही पूरे रूटलाइन में चाक-चौबंद साफ-सफाई रखने को कहा।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से रूटलाइन में विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने तथा खुले व संवेदनशील ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित तरीके से कवर्ड (कवर) करने का निर्देश दिया गया। 

 देवघर जिले में डबल डेकर वाहनों का प्रवेश बैन

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुलभ दर्शन सुनिश्चित करने के लिए देवघर जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। विश्व प्रसिद्ध मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए देवघर जिला सीमा के भीतर डबल डेकर वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।

 साथ ही जिला प्रशासन ने सभी वाहन मालिकों, चालकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दें।






Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم