देवघर : विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में तैयारियों की कड़ी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य 25 जुलाई तक हर हाल में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हो जाने चाहिए।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करते उपायुक्त।
बारिश को देखते हुए विशेष सतर्कता का निर्देश
उपायुक्त ने मानसून को देखते हुए विशेष एहतियात बरतने को कहा है। उन्होंने सुरक्षित आवागमन के लिए कांवड़िया पथ पर बेहतर बालू बिछाने, बैठने की व्यवस्था और जल निकासी (ड्रेनेज) को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। बिजली के खुले तारों को ठीक करने, अर्थिंग की जांच और ट्रांसफार्मर की सुरक्षा बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि करंट या शॉर्ट सर्किट का खतरा न रहे। मेला क्षेत्र के सभी पंडाल वाटरप्रूफ और मजबूत होंगे।
बुनियादी ढांचे व सौन्दर्यीकरण पर जोर
बाबा मंदिर प्रांगण में चल रहे रंगरोगन और नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण को समय पर पूरा करने को कहा गया है। खिजुरिया से दुम्मा तक के कांवरिया पथ से अतिक्रमण हटाया जाएगा और पेड़ों की छंटाई की जाएगी। मेला क्षेत्र में वाहन पड़ाव स्थलों पर पेयजल, शौचालय, बिजली और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
तकनीकी व आध्यात्मिक अनुभव
मेले को इस बार 'हाईटेक' और 'भक्तिमय' बनाने पर भी प्रशासन का फोकस है। श्रावणी मेले में 34 सूचना सह सहायता केंद्र और 10 मातृत्व विश्राम गृह बनाए जाएंगे, जिनमें हमेशा (24x7 एक्टिव) सुविधा मिलेगी। शिवगंगा व जलसार में 'लाइट एंड साउंड शो', जबकि टॉवर चौक व बाबा मंदिर में 'लेज़र शो' का आयोजन होगा। इसके अलावा 06 सांस्कृतिक मंच और 30 एलईडी स्क्रीन के माध्यम से श्रद्धालु लाभान्वित होंगे। पूरे मेला क्षेत्र को सीसीटीवी की निगरानी में रखा जाएगा और इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम (IMCR) से पल-पल की मॉनिटरिंग होगी।
बैठक में डीडीसी, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन और विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालु बाबा नगरी से एक सुखद अनुभूति लेकर लौटें।
إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.