GA4-314340326 बड़ी कार्रवाई : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले तमाड़ में रेड, 160 अभ्यर्थी हिरासत में

बड़ी कार्रवाई : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले तमाड़ में रेड, 160 अभ्यर्थी हिरासत में

 

रांची रेलवे स्टेशन के बाहर लगी परीक्षार्थियों की भीड़।
अनगड़ा (रांची) : झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में सेंधमारी की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने शनिवार देर रात रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रडगांव मिसिर डेरा स्थित एक नवनिर्मित नर्सिंग कॉलेज में छापेमारी की। इस दौरान प्रश्नपत्र लीक मामले के संदेह में 160 परीक्षार्थियों को हिरासत में लिया गया है।

देर रात 1 बजे हुई छापेमारी, मची अफरा-तफरी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नर्सिंग कॉलेज में भारी संख्या में परीक्षार्थी जुटे हैं और वहां प्रश्नपत्र लीक करने या रटवाने की तैयारी चल रही है। शनिवार रात करीब 1 बजे जब पुलिस टीम ने कॉलेज परिसर को घेरा, तो वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से बिहार और झारखंड नंबर की आधा दर्जन गाड़ियों को भी जब्त किया है।

ग्रामीण SP और DSP मौके पर मौजूद

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के ग्रामीण एसपी, बुंडू डीएसपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। हिरासत में लिए गए सभी 160 परीक्षार्थियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन अभ्यर्थियों को यहां किसने बुलाया था और क्या वाकई प्रश्नपत्र लीक हुआ है।

मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा सकती। -प्रवीण मांझी, थाना प्रभारी, तमाड़

 जांच के घेरे में 'सेटिंग' का खेल

सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए परीक्षार्थियों में से अधिकांश दूसरे जिलों और पड़ोसी राज्य बिहार के बताए जा रहे हैं। पुलिस जब्त किए गए वाहनों के मालिकों और नर्सिंग कॉलेज के संचालक की भूमिका की भी जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि परीक्षा का मूल प्रश्नपत्र लीक हुआ है या अभ्यर्थियों को केवल झांसा देकर पैसे ऐंठने का गिरोह सक्रिय था। पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले पर आधिकारिक प्रेस वार्ता कर खुलासा कर सकती है।


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم