GA4-314340326 सीसीएल मुख्यालय में बाबा साहेब को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

सीसीएल मुख्यालय में बाबा साहेब को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

डा. आंबेडकर को श्रद्दांजलि देने के बाद सीएमडी व अन्य अधिकारी।
 रांची : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में मंगलवार को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती गौरवपूर्ण तरीके से मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में सीसीएल प्रबंधन, कर्मचारियों और ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। आयोजन में एससी, एसटी, बीसी कोऑर्डिनेशन काउंसिल, सिस्टिया (CISTEA) और ओबीसी काउंसिल के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।

किसी भी देश का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब उसके नागरिक शिक्षित, जागरूक और सशक्त हों। बाबा साहेब का संविधान हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान सुनिश्चित करता है। -निलेंदु कुमार सिंह, सीएमडी, सीसीएल 

दीप प्रज्वलन से हुआ समारोह का आगाज 

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह एवं अन्य वरिष्ठ निदेशकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद मुख्यालय परिसर में स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। मौके पर निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा और सीवीओ पंकज कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।

संविधान और समानता पर दिया जोर 

अपने संबोधन में सीएमडी सिंह ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने समाज के हर वर्ग को बराबरी का हक दिया। उनके आदर्श आज भी हमें सामाजिक न्याय और शिक्षा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि बाबा साहेब के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण और संगठन की प्रगति में योगदान दें।

 लिया संकल्प : कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मियों ने बाबा साहेब के बताए रास्ते पर चलने और संस्थान को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का सामूहिक संकल्प लिया।



Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने