सोरेन बोले- ‘संविधान की संरचना को सलाम करता है पूरा देश’
रांची : संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर रविवार को रांची के डोरंडा स्थित आंबेडकर चौक पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देने के बाद राज्यपाल, सीएम, विधायक कल्पना सोरेन।
आंबेडकर का योगदान अविस्मरणीय: मुख्यमंत्री
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज का दिन भारत जैसे विशाल लोकतांत्रिक देश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में डॉ. आंबेडकर का योगदान कभी न भूलने वाला है। उनके द्वारा तैयार की गई संविधान की संरचना को आज पूरा देश सलाम करता है। वे केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया।
बाबाा साहेब के आदर्शों से लें प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि हमें बाबा साहेब के जीवन मूल्यों और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी वर्ग और समुदायों के कल्याण के लिए बाबा साहेब का दृष्टिकोण आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना पहले था। कार्यक्रम के दौरान डोरंडा स्थित आंबेडकर चौक पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और भारी संख्या में लोग बाबा साहेब को नमन करने पहुंचे।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.