GA4-314340326 झामुमो ने रिनपास निदेशक को अविलंब निलंबित करने की मांग को लेकर दिया ज्ञापन

झामुमो ने रिनपास निदेशक को अविलंब निलंबित करने की मांग को लेकर दिया ज्ञापन

KANKE,(RANCHI)। झामुमो रांची जिला के कांके प्रखंड अध्यक्ष नवीन तिर्की ने रांची तंत्रिका मनोचिकित्सा शिक्षा एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान (रिनपास) की वर्तमान प्रभारी निदेशक डॉ जयति सिमलाई को संस्थान में जारी कथित वित्तीय गड़बड़ियों और पद के दुरुपयोग को लेकर अविलंब निलंबित करने की मांग की है। इसको लेकर सोमवार को उन्होंने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्यमंत्री और स्वास्थ्य सचिव को पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि संस्थान में चीफ अकाउंट ऑफिसर की जगह लेखा पदाधिकारी को वित्तीय अधिकार दिया जाना पूरी तरह भ्रष्टाचार की मंशा को उजागर करता है। लिखा है कि डॉ जयति सिमलाई को निदेशक बनाने या वित्तीय अधिकार देने पर संस्थान में वित्तीय गड़बड़ियां और अनियमितता होने की प्रबल संभावना की लिखित जानकारी तत्कालीन अध्यक्ष प्रबंधकारिणी समिति रिनपास डॉ केके खंडेलवाल ने स्वास्थ्य सचिव को दी थी। किंतु उसको दरकिनार करते हुए डॉक्टर सिमलाई को प्रभारी निदेशक बना दिया गया। जबकि इनके कार्यकाल के दौरान अनियमितता और गड़बड़ी संबंधी कई लिखित शिकायतें स्वास्थ्य मंत्री और सचिव को लगातार दी जाती रही है। साथ ही उनके विरुद्ध उत्तम कुमार और सूरज प्रकाश गुप्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो तथा झारखंड हाईकोर्ट में केस दर्ज कराया है। वहीं संस्थान परिसर में भर्ती महिला मरीज को तेज रफ्तार वाहन से कुचल कर मारने में सोनू मुंडा के द्वारा दायर केस में वर्तमान प्रभारी निदेशक पर मुकदमा भी चल रहा है। वे इस मामले में बेल पर हैं। इतने न्यायिक मामले लंबित होने तथा उनके द्वारा गवाहों एवं अन्य साक्ष्यों को पद पर रहते हुए प्रभावित करने की संभावना के बावजूद पद पर बनाए रखा गया है। इससे सरकार की छवि प्रभावित हो सकती है। झामुमो पार्टी के मुखिया मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टोलरेंस की नीति को लेकर चलते हैं। इसको देखते हुए लगातार पद का दुरुपयोग एवं वित्तीय अनियमितता में संलिप्त प्रभारी निदेशक को तत्काल निलंबित कर जांच करते हुए कार्रवाई की जानी चाहिए।

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم