![]() |
| मतगणना के लिए बनाए गए टेबल का जायजा लेते उपायुक्त। |
रांची : झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रांची नगर निगम आम निर्वाचन 2026 के नतीजों का इंतजार शुक्रवार को खत्म हो जाएगा। 27 फरवरी की सुबह आठ बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। चुनाव की निष्पक्षता और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। गुरुवार की देर रात जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मतगणना स्थल का दौरा कर अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से संपन्न की जाए।
एजेंटों के लिए 'नो एंट्री' नियम: मोबाइल ले जाना वर्जित
मतगणना हॉल में प्रवेश के लिए प्रत्याशियों के एजेंटों को कड़े नियमों का पालन करना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रिटर्निंग अधिकारी (RO) द्वारा जारी पास के साथ अपना एक फोटो युक्त पहचान पत्र रखना अनिवार्य है।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बैन : मतगणना स्थल के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: सीसीटीवी से होगी निगरानी
डीसी ने बताया कि मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूरे परिसर की सीसीटीवी निगरानी होगी। इसके साथ ही मीडिया कक्ष और कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, एसडीओ सदर कुमार रजत समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।
असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर, 24 घंटे मॉनिटरिंग
नतीजों के बाद शहर का माहौल न बिगड़े, इसके लिए उपायुक्त ने पुलिस बल और मजिस्ट्रेट को विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, विजिल जुलूस या परिणामों के बाद किसी भी तरह की अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर जिला प्रशासन की पैनी नजर है। हम 24×7 मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.