![]() |
| गिरफ्तार दोनों शूटर। |
प्रेम प्रसंग में दी गई थी चार लाख की सुपारी
अनुसंधान में यह बात प्रकाश में आई कि घायल हराधन महतो की पत्नी गंगा देवी का पिछले पांच वर्षों से गांव के ही कंचन महतो के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। हराधन को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। इसके लिए तमाड़ के सुनीलचंद्र महतो और तारकेश्वर महतो के माध्यम से चार लाख रुपये में शूटरों से डील फाइनल की गई थी।
7 जनवरी को दुकान में घुसकर मारी थी गोली
बीती 7 जनवरी को पतराहातू स्थित दुकान में घुसकर दो अज्ञात अपराधियों ने हराधन महतो को गोली मार दी थी। घटना के समय पत्नी गंगा देवी खुद अपराधियों को पति की लोकेशन की जानकारी दे रही थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), रांची के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले 14 जनवरी को पत्नी गंगा देवी, प्रेमी कंचन महतो और दो साजिशकर्ताओं को जेल भेजा था। इसके बाद, आज यानी 18 जनवरी को पुलिस ने मुख्य शूटरों को भी दबोच लिया।
गिरफ्तार दोनों शूटर तमाड़ के रहनेवाले
गिरफ्तार शूटर कालीचरण महतो (27 वर्ष) और शिवम पांडा (23 वर्ष) दोनों तमाड़ प्रखंड के रहनेवाले हैं। कालीचरण गोमिया कोचा है, जबकि शिवम तराई गांव का रहनेवाला है। इनके पास से एक पिस्टल, एक कट्टा, तीन गोली और काले रंग की अपाची बाइक (JH01CM 4111) बरामद हुई है। इनसे पहले गंगा देवी, कंचन महतो, सुनीलचंद्र महतो और तारकेश्वर महतो की गिरफ्तारी हो चुकी है। यह मामला सिल्ली थाना काण्ड सं-02/26, दिनांक-09/01/26 के तहत दर्ज है। अपराधियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(2), 109(1), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सिल्ली थाना प्रभारी के नेतृत्व में मिली सफलता
सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम ने मामले का उद्भेदन किया है। टीम में अवर निरीक्षक मुकेश कुमार कुशवाहा, रवि कुमार वर्मा और रामदेव कुमार यादव सहित जवान शामिल थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.