गिरिडीह : जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। वारदात के बाद आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 16 फरवरी की है। पीड़िता के परिजनों ने बेंगाबाद थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और कांड संख्या 29/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी युवक पड़ोसी जमुआ थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने कराई मेडिकल जांच व विशेष टीम का गठन
थाना प्रभारी ने बताया कि मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण (Medical Examination) कराया गया है। पीड़िता का धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी को दबोचने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है जो उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इलाके में आक्रोश, कड़ी सजा की मांग
इस घटना के बाद से बेंगाबाद और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को अविलंब गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। पुलिस ने स्थानीय लोगों को शांति बनाए रखने और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.