GA4-314340326 झारखंड सरकार और PNB के बीच MoU:अब राज्यकर्मियों को मिलेंगे विशेष बैंकिंग लाभ

झारखंड सरकार और PNB के बीच MoU:अब राज्यकर्मियों को मिलेंगे विशेष बैंकिंग लाभ

MOU के बाद सीएम को मोमेंटो देते PNB के महाप्रबंधक। 
रांची : राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए बैंकिंग सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। झारखंड सरकार और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन (झारखंड मंत्रालय) में सैलरी अकाउंट पैकेज को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह राज्य के विकास और कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा की दिशा में एक नए अध्याय की शुरुआत है।

आम लोगों और कर्मचारियों को होगा सीधा फायदा

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार के कामकाज और कर्मचारियों के आर्थिक लेनदेन में बैंकों की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने कहा, "आज के दौर में व्यापार, खेती और ग्रामीण विकास, बिना बैंकिंग सहयोग के संभव नहीं है। मुझे पूरा विश्वास है कि PNB अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए इस समझौते के उद्देश्यों पर खरा उतरेगा। इससे न केवल सरकारी कर्मचारियों को बल्कि बैंक के साथ जुड़ने वाले आम लोगों को भी बेहतर समन्वय का लाभ मिलेगा।"

सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में भी अन्य बैंकों के साथ इस तरह के समझौते हुए हैं और उनके सकारात्मक परिणाम दिख रहे हैं। PNB के साथ हुए इस समझौते का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को सैलरी अकाउंट पर मिलने वाले विशेष लाभ, बीमा कवर और आसान लोन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मौके पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, डॉ. इरफान अंसारी, संजय प्रसाद यादव, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार और PNB की ओर से महाप्रबंधक आशीष कुमार चतुर्वेदी, रांची मंडल प्रमुख अवधेश झा व उप मंडल प्रमुख राकेश कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने