GA4-314340326 दूसरी शादी के लिए मां से मिलकर पत्नी को जिंदा जलाया; 2 नाबालिग समेत 7 गिरफ्तार

दूसरी शादी के लिए मां से मिलकर पत्नी को जिंदा जलाया; 2 नाबालिग समेत 7 गिरफ्तार

 

गिरफ्तार आरोपियों और घटना की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
अमित सहाय/गिरिडीह : जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के कारीपहाड़ी जंगल में 30 जनवरी को मिली महिला की अधजली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह महज हादसा नहीं, बल्कि दूसरी शादी की चाहत में रची गई एक खौफनाक साजिश थी। मृतका की पहचान डुमरी निवासी शाहिना प्रवीण के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में पति और सास समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।

 टूटी चूड़ियों और कपड़ों से माता-पिता ने पहचाना

एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 30 जनवरी की सुबह कारीपहाड़ी जंगल में एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिला था। जांच के दौरान डुमरी से 28 जनवरी से लापता शाहिना प्रवीण के परिजनों को बुलाया गया। घटनास्थल पर बिखरी चूड़ियों, अधजले कपड़ों और शरीर के पुराने निशानों के आधार पर माता-पिता ने अपनी बेटी की पहचान की।

रास्ते से हटाने के लिए रची हत्या की स्क्रिप्ट

पूछताछ में पति जाबीर अंसारी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह दूसरी लड़की से शादी करना चाहता था और शाहिना इसमें बाधा बन रही थी। जाबीर ने अपनी मां और अपने दोस्तों के साथ मिलकर शाहिना को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। आरोपी शाहिना को धोखे से कारीपहाड़ी जंगल ले गए, जहां उसकी हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को आग लगा दी।

एसआईटी ने आरोपियों को दबोचा

एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी शाखा और श्वान दस्ता की मदद से छापेमारी कर निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया:

 * जाबीर अंसारी (पति)

 * जैबुन निशा (सास)

 * सराफत अंसारी (बगोदर)

 * वकील अंसारी उर्फ रॉकी (निमियाघाट)

 * गुड्डु अली (निमियाघाट)

 * दो नाबालिग सहयोगी

साक्ष्य के तौर पर ये सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए सामान बरामद किए हैं:

 * वाहन: 02 मोटरसाइकिल।

 * तकनीकी साक्ष्य: 05 मोबाइल फोन।

 * अन्य: घटनास्थल से माचिस, बोतल, जूट का बोरा और मृतका के अवशेष।

आरोपी पति दूसरी शादी करना चाहता था, इसी विवाद में उसने अपनी मां और दोस्तों के साथ मिलकर इस जघन्य कांड को अंजाम दिया। बगोदर थाना में बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर सभी को जेल भेजा जा रहा है।" - डॉ. बिमल कुमार, एसपी, गिरिडीह



Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने