GA4-314340326 सिल्ली में अपराधियों ने नाश्ता करने के बाद फास्ट-फूड दुकानदार को मारी गोली, हालत गंभीर

सिल्ली में अपराधियों ने नाश्ता करने के बाद फास्ट-फूड दुकानदार को मारी गोली, हालत गंभीर

घायल हराधन महतो को अस्पताल ले जाते लोग।
अनूप महतो/ सिल्ली (रांची): सिल्ली थाना क्षेत्र के पतराहातु गांव में बीती रात बेखौफ अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात अपराधियों ने महालक्ष्मी कैटरिंग सह फास्ट-फूड दुकान के संचालक हराधन महतो को गोली मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

कैसे हुई घटना 

जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात लगभग 8 बजे की है। बताया जाता है कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक हराधन महतो की दुकान पर पहुंचे थे। इनमें से एक युवक ने हेलमेट पहन रखा था। अपराधियों ने पहले दुकान में ₹100 का नाश्ता किया और बाकायदा उसका भुगतान भी किया।

पैसे देने के तुरंत बाद, बिना किसी बहस या कहा-सुनी के, एक युवक ने पिस्टल निकाली और सीधे हराधन महतो के पेट में गोली दाग दी। गोली लगने के बाद घायल हराधन जान बचाने के लिए भागकर बगल के दुकानदार सुचांद महतो की दुकान में घुस गए।

रिम्स में डाक्टर कर रहे आपरेशन की तैयारी 

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सिंहपुर नर्सिंग होम (मुरी) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स (RIMS), रांची रेफर कर दिया। ताजा जानकारी के अनुसार, गोली अभी भी पेट में ही फंसी हुई है और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। रिम्स में डाक्टर गोली निकालने के लिए आपरेशन की तैयारी कर रहे हैं। हराधन महतो बातचीत भी कर रहे हैं।

हमलावरों की अभी तक नहीं हो सकी है पहचान 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है। शुरुआती जांच में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, हमलावरों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि इस हमले के पीछे कोई बड़ा कारण या पुरानी रंजिश हो सकती है, क्योंकि अपराधियों ने बड़े ही शांत तरीके से वारदात को अंजाम दिया। सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार ने कहा कि पुलिस अपराधियों की धड़पकड़ में लगी हुई है। अपराधी किसी भी सूरत में बचेंगे नहीं।


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم