GA4-314340326 रांची पुलिस का 'एक्शन मोड': रेस्टोरेंट मालिक हत्याकांड के मुख्य आरोपी अभिषेक मुठभेड़ में गिरफ्तार

रांची पुलिस का 'एक्शन मोड': रेस्टोरेंट मालिक हत्याकांड के मुख्य आरोपी अभिषेक मुठभेड़ में गिरफ्तार

रिम्स में भर्ती आरोपी अभिषेक के दोनों पैर में लगी है गोली।

रांची : कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट के संचालक विजय नाग की सनसनीखेज हत्या के मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह को रांची पुलिस ने आखिरकार रविवार देर रात करीब पौने 12 बजे धर दबोचा। कांके इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की।

फायरिंग के बाद दबोचा गया मुख्य आरोपी 

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेस्टोरेंट कारोबारी विजय नाग की हत्या का अभिषेक अपनी गर्भवती पत्नी से मिलने अपने घर आने वाला है। इसी इनपुट के आधार पर पर एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस ने तीन स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए।

ऐसे पकड़ा गया आरोपी अभिषेक 

* पहली चेकिंग को चकमा देने में कामयाब होने के बाद, दूसरी चेकिंग पर पुलिस की सघन तैनाती देखकर अभिषेक ने फायरिंग शुरू कर दी।
* तीसरे चेकिंग प्वाइंट पर जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह अपनी कार छोड़कर लगातार फायर करता हुआ भागने लगा।
* जवाबी कार्रवाई में पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जिसमें अभिषेक के दोनों पैरों में दो गोलियां लगीं। घायल होने के बाद उसे काबू कर लिया गया।

आरोपित अभिषेक को तत्काल रिम्स में भर्ती कराया गया है। एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि हालत में सुधार होते ही उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

हथियार देने वाला पूर्व पुलिसकर्मी और उसका ड्राइवर भी गिरफ्तार

अभिषेक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया है। पूछताछ में पता चला कि हत्या के लिए उसे अवैध हथियार हरेंद्र नाम का एक पूर्व पुलिसकर्मी उपलब्ध कराया था।

हरेंद्र पुलिस विभाग से वीआरएस ले चुका है, वह अपने चालक के साथ मिलकर अभिषेक के साथ जमीन के कारोबार में संलिप्त था। अभिषेक से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल पिठौरिया में छापेमारी कर हरेंद्र और उसके चालक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

रविवार रात 12:19 बजे घटनास्थल पर मुठभेड़ की जानकारी लेते एसएसपी राकेश रंजन।

एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में चौथी बड़ी सफलता

अपराधियों के खिलाफ रांची पुलिस का यह त्वरित एक्शन बताता है कि पुलिस अब यूपी पुलिस की तर्ज पर 'एक्शन मोड' में आ चुकी है। एसएसपी राकेश रंजन के कार्यभार संभालने के बाद यह चौथी बड़ी मुठभेड़ है, जिसमें रांची पुलिस को शानदार सफलता मिली है।

इससे पहले मैक्लुस्कीगंज, रातू और तुपुदाना में भी मुठभेड़ हुई थी, जिसमें तुपुदाना मुठभेड़ के बाद सुजीत सिन्हा गिरोह के दस खूंखार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। रांची पुलिस की इस आक्रामक कार्रवाई से अब राजधानी के अपराधियों में खौफ पैदा हो गया है।

एसएसपी राकेश रंजन ने कहा..

> "पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विजय नाग की हत्या का आरोपी अभिषेक कांके इलाके में आने वाला है। टीम गठित कर चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस पर गोली चलाने के बाद जवाबी फायरिंग में अभिषेक को गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।"

क्या है मामला 

कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट में शनिवार रात 11:20 बजे मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वेज बिरयानी की जगह चिकन बिरयानी पैक करने पर हुए विवाद में तीन युवकों ने रेस्टोरेंट संचालक विजय नाग की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, बिरयानी में गलती होने पर तीन युवक वापस आए। संचालक विजय ने पूछताछ की तो एक आरोपित, जिसने अपना नाम अभिषेक बताया, गाली-गलौज करने लगा। बात बढ़ते ही अभिषेक ने विजय को गोली मार दी और फरार हो गया।

अभिषेक अक्सर एक सिपाही के साथ रेस्टोरेंट आता था, जिससे पुलिस संरक्षण की आशंका भी जताई जा रही है। मैनेजर के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान की गई।



Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने