![]() |
रांची के मोरहाबादी मैदान में हेमंत सोरेन को शपथ दिलाते राज्यपाल। |
झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री बने हेमंत सोरेन
Ranchi | JMM के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन (Hemant Sorsn) गुरुवार को चौथी बार झारखंड (Jharkhand) के मुख्यमंत्री बने। मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार (Santosh Kumar Gangwar) ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही, राज्यपाल और अन्य अतिथियों ने हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाथ हिलाकर हजारों की संख्या में राज्य के कोने-कोने से पहुंचे लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मंच पर हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन, मां रूपी सोरेन और पत्नी कल्पना सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थेे। इससे पूर्व कुर्ता-पायजामा और बंडी पहने हेमंत सोरेन ने झामुमो सुप्रीमो और अपने पिता शिबू सोरेन से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया।
विश्वास मत के बाद होगा कैबिनेट विस्तार
हेमंत सोरेन ने इस बार अकेले ही शपथ लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं को कई संदेश देने की कोशिश की है। इस बार भी इंडिया गठबंधन ने झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चुनाव लड़ा और पूर्ण बहुमत हासिल किया है। 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीटें हासिल कर इंडिया गठबंधन ने सत्ता में वापसी की है। जबकि, भाजपा नेतृत्व वाला एनडीए 24 सीटों पर ही सिमट गया है। हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन में शामिल झामुमो को 34, कांग्रेस को 16, राजद को चार और भाकपा माले को दो सीटों पर जीत मिली है। बताते चलें कि शपथ ग्रहण से एक दिन पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर (Gulam Ahmad Meer) ने कहा था कि विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के बाद कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। जबकि, 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद जब हेमंत सोरेन ने सीएम के रूप में शपथ ली थी, तब JMM-Congress और RJD कोटे से भी मंत्रियों को शपथ दिलाई गई थी।
इंडिया ब्लॉक के बड़े नेता कार्यक्रम में थे उपस्थित
शपथ ग्रहण समारोह में राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, सीपीआई (एमएल) के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन समेत कई सांसद-विधायक उपस्थित थे।
शपथ लेने के बाद सीधे सचिवालय पहुंचे हेमंत
पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री हेमत सोरेन सीधे सचिवालय प्रोजेक्ट भवन के लिए रवाना हो गए। उनके साथ गांडेय विधायक व उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी थीं। रास्ते में बिरसा चौक पर रुककर दोनों ने भगवान बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और राज्य के विकास की कामना की। प्रोजेक्ट भवन में कैबिनेट की पहली बैठक होनी है।
Hemant Soren became the CM of Jharkhand for the fourth time, took oath alone
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.