angara(ranchi) उषा मार्टिन विश्वविद्यालय अनगड़ा के इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल(आईआईसी) के तत्वावधान में गुरुवार को एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, चिलदाग में उद्यमिता विषय पर एक दिवसीय आउटरीच प्रोग्राम हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को पारंपरिक रोजगार के विकल्पों से हटकर उद्यमिता, इसके महत्व और इसमें करियर की अपार संभावनाओं के प्रति जागरूक करना था। समारोह में विद्यालय के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ. एमडी सैफुल्ला खालिद ने विद्यार्थियों को उद्यमिता की मूलभूत अवधारणाओं और इसके भविष्य की संभावनाओं पर अत्यंत प्रेरणादायक जानकारी दी। वहीं, डॉ. रूपा दास ने 'कृषि उद्यमिता' पर विशेष प्रकाश डालते हुए कृषि एवं उससे जुड़े संबद्ध क्षेत्रों में उपलब्ध स्वरोजगार की व्यापक संभावनाओं से छात्रों को रूबरू कराया। संवादात्मक सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्यमिता के व्यावहारिक पहलुओं और नवाचार की बारीकियों को समझाया गया। प्रवक्ताओं ने बताया कि यह पहल युवा पीढ़ी में उद्यमशील संस्कृति को बढ़ावा देने तथा उन्हें महज नौकरी तलाशने वाले के बजाय 'आत्मनिर्भर' और 'रोजगार सृजनकर्ता' बनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.