GA4-314340326 अनगड़ा में दूसरे दिन भी हाथियों का तांडव, राशन दुकान ध्वस्त, लाखों की क्षति

अनगड़ा में दूसरे दिन भी हाथियों का तांडव, राशन दुकान ध्वस्त, लाखों की क्षति

हाथियों ने बर्बाद किया मुनेश्वर का दुकान
angara(ranchi)  अनगड़ा प्रखंड क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन जंगली हाथियों का आतंक कायम रहा। दो हाथियों के दल ने सालहन निवासी मुनेश्वर महतो की राशन दुकान को निशाना बनाते हुए उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस घटना में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान जताया गया है। दुकान ही महतो के परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा थी। 

रात 12 बजे से पौने दो बजे तक मचाया उत्पात

 प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि लगभग 12 बजे पहुंचे दो हाथियों ने पौने दो बजे तक दुकान में जमकर तांडव मचाया। हाथियों ने दुकान की एक पक्की दीवार ढहा दी। दीवार गिरने से अंदर रखा इलेक्ट्रॉनिक कांटा, टीवी, सिलाई मशीन, फ्रिज, कुर्सी-मेज सहित भारी मात्रा में रखा चावल, आटा और तेल पूरी तरह बर्बाद हो गया। इसके बाद हाथियों ने पास के किस्टो मुंडा के मकान का मुख्य दरवाजा तोड़ने का तीन बार असफल प्रयास किया। किस्टो मुंडा के घर से निकलने के बाद दोनों हाथी जोड़ा तालाब और पतराटोली होते हुए रुक्का की तरफ बढ़ गए। सोमवार शाम तक दोनों हाथियों को सालहन पुल के समीप झाड़ियों में छिपे देखा गया, दोनों हाथी आराम फरमा रहे थे। जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

 वन विभाग कर रहा मॉनिटरिंग, बांटे गए पटाखे  

आराम कर रहे गजराज 
घटना की सूचना मिलते ही वनपाल नीतिन गुप्ता के नेतृत्व में वन विभाग की टीम हरकत में आई। एहतियात के तौर पर रुक्का के हनुमान नगर और सालहन गांव में ग्रामीणों को सुरक्षा के लिए मशालें और पटाखे वितरित किए गए। वनपाल नीतिन गुप्ता ने बताया कि दोनों हाथी अपने मुख्य दल से भटक गए हैं। वन विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। हाथियों को महेशपुर जंगल के रास्ते जोन्हा की ओर खदेड़ने की योजना है, ताकि वे अपने प्राकृतिक दल में वापस शामिल हो सकें।

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने