GA4-314340326 गिरिडीह में श्रावणी मेले को लेकर सुरक्षा का खाका तैयार

गिरिडीह में श्रावणी मेले को लेकर सुरक्षा का खाका तैयार

Security plan ready for Shravan Mela in Giridih
मासिक अपराध समीक्षा बैठक करते एसपी।
ब्यूरो चीफ / गिरिडीह : जिला पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आगामी श्रावणी मेला-2026 के सफल व सुरक्षित संचालन पर मुख्य रूप से चर्चा की गई। एसपी ने मेले के मद्देनजर स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने को कहा। इसके तहत कांवरिया पथ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। प्रमुख शिवालयों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बेहतर प्लान तैयार किया जाएगा। सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। सुगम यातायात के लिए रूट डायवर्जन की स्पष्ट और प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाएगी।

अपराध नियंत्रण पर 'जीरो टॉलरेंस'

बैठक में एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिला संबंधी अपराधों में पुलिस का रवैया 'जीरो टॉलरेंस' वाला होगा।पेशेवर अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाए जाएंगे। न्यायालय से निर्गत वारंट और कुर्की के मामलों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित हो। पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन के कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

जनता के साथ 'पब्लिक फ्रेंडली' व्यवहार

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता के साथ पुलिस का व्यवहार 'पब्लिक फ्रेंडली' होना चाहिए। जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निपटारा पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने रात्रि गश्ती (Night Patrolling) को और अधिक प्रभावी बनाने का भी निर्देश दिया।

बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), डीएसपी, अंचल निरीक्षक (CI) और सभी थानों के प्रभारी मौजूद रहे। एसपी ने दो टूक कहा कि गिरिडीह पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने