रिम्स जमीन घोटाला: पूर्व CO शैलेश कुमार के गिरिडीह-रांची आवास पर ACB का एक साथ छापा, दस्तावेज खंगाले

 

RIMS land scam: ACB raids former CO Shailesh Kumar's Giridih and Ranchi residences simultaneously, documents scrutinised
घर के बाहर खड़े पुलिस के जवान।
अमित सहाय / गिरिडीह : रिम्स जमीन घोटाले में गिरफ्तार बड़गाईं के तत्कालीन अंचल अधिकारी शैलेश कुमार की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। शुक्रवार अहले सुबह भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने उनके गिरिडीह और रांची स्थित आवास पर एक साथ छापेमारी की, जिससे इलाके में हलचल मच गई।

जानकारी के अनुसार, ACB की टीम शुक्रवार अहले सुबह करीब आधा दर्जन गाड़ियों से गिरिडीह के शास्त्री नगर स्थित शैलेश कुमार के आवास पर पहुंची। टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस जवान भी मौजूद थे। घर पहुंचते ही अधिकारियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। उधर, रांची स्थित उनके आवास पर भी ACB की टीम जांच में जुटी रही।

दोनों ठिकानों पर दस्तावेज खंगाले

बताया जा रहा है कि शैलेश कुमार रांची के बड़गाईं अंचल में तत्कालीन अंचल अधिकारी के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। उन्हें रिम्स की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े कथित घोटाले के मामले में ACB ने गिरफ्तार किया था। आरोप है कि जमीन दलालों, बिल्डरों और अधिकारियों के गठजोड़ ने मिलकर रिम्स की करोड़ों रुपये की जमीन पर अवैध कब्जा कर अपार्टमेंट का निर्माण कराया था।

इस मामले में ACB रांची थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत जांच कर रही है। बताया जाता है कि शैलेश कुमार के परिवार का आवास गिरिडीह में है। इससे पहले भी ACB उनके गिरिडीह स्थित आवास पर छापेमारी कर चुकी है।

जांच टीम घर के दस्तावेज, बैंक खातों, जमीन से संबंधित कागजात और अन्य संपत्तियों की पड़ताल कर रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच एजेंसी के हाथ क्या-क्या अहम दस्तावेज या अन्य सामग्री लगी है।







Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم