GA4-314340326 छठ महापर्व की तैयारी तेज: विधायक कल्पना सोरेन और उपायुक्त ने गिरिडीह के छठ घाटों का किया निरीक्षण

छठ महापर्व की तैयारी तेज: विधायक कल्पना सोरेन और उपायुक्त ने गिरिडीह के छठ घाटों का किया निरीक्षण

Preparations for Chhath Mahaparva intensify: MLA Kalpana Soren and Deputy Commissioner inspect Chhath Ghats in Giridih
छठ घाट का निरीक्षण करतीं कल्पना सोरेन, साथ में हैं पूर्व मंत्री सुदिव्य सोनू की पत्नी।

अमित सहाय / गिरिडीह: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में बुधवार को गांडेय विधायक श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन और उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री रामनिवास यादव ने गिरिडीह प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के इस दौरे से घाटों पर चल रही तैयारियों को और गति मिल गई है।

घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा

निरीक्षण के दौरान विधायक और उपायुक्त ने सेनादोनी ग्राम स्थित तालाब और लेदा स्थित मुख्य छठ घाट का बारीकी से जायजा लिया। घाटों और उसके आसपास के परिसरों को पूरी तरह स्वच्छ रखने के निर्देश। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुगम रास्ते और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती, छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम, पेयजल और स्वास्थ्य शिविर की लगाने का निर्देश दिया गया।

कल्पना बोलीं- छठव्रतियों की सुविधा सर्वोपरि

 निरीक्षण के दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, श्रद्धा और पवित्रता का महान पर्व है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठव्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

सेनादोनी में स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए वे भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा, पिछले एक साल में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बहुत कुछ खोया है। गिरिडीह ने एक अच्छा नेता, एक बेटा, एक भाई खोया है। इस दुख की घड़ी में आप सबकी संवेदनाएं ही हमारी ताकत हैं।

डीसी ने 48 घंटे में कमियां दूर करने का दिया आदेश 

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित बीडीओ (BDO), सीओ (CO) और विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को 48 घंटे के भीतर दूर किया जाए, ताकि समय रहते सभी तैयारियां मुकम्मल हो सकें।

घाटों का दौरा कर लोगों की समस्याएं भी सुनीं 

सेनादोनी और लेदा के बाद विधायक ने तेलोडीह, कोवाड मोड़, पहाड़पुर, कुरुमडीहा और चरघरा समेत कई अन्य छठ घाटों का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जगह-जगह स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया गया, जबकि शेष को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी, बीस सूत्री उपाध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष संजय सिंह, दिवंगत मंत्री स्व. सुदिव्य कुमार सोनू की धर्मपत्नी श्वेता शर्मा, एसडीएम, मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।





Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने