डकरा (रांची): खलारी थाना क्षेत्र के बमने स्थित राजकीय कृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय में हुई चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर विद्यालय से चुराए गए वाटर कूलर, केंट आरओ प्यूरिफायर, टैब, हेडफोन और मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान बरामद कर लिए गए हैं।
गिरफ्तार चोरों व उनसे बरामद सामान की जानकारी देते पुलिस अफसर।
बुधवार को खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गत 27 जुलाई को अज्ञात चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़कर वहां रखे सरकारी सामानों की चोरी कर ली थी। इस संबंध में खलारी थाना कांड संख्या 44/2026, दिनांक 31 जुलाई 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
विशेष टीम ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर खलारी थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों राजकुमार ठाकुर (निवासी बमने, खलारी) और लक्ष्मण कुमार (निवासी बुढ़मू बाजार) को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने विद्यालय में चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में एक अन्य आरोपी की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानिए, चोरों के पास से क्या-क्या मिले
चोरों के पास से एक वाटर कूलर, एक केंट आरओ प्यूरिफायर, 10 टैब/मोबाइल उपकरण, 8 हेडफोन व 1 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। छापेमारी अभियान में खलारी थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा के साथ पुलिस अधिकारी शंकर राम, कपिलदेव यादव और थाना के अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में चोरी करने वाले आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.