ब्यूरो चीफ / गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र स्थित कचहरी परिसर से पुलिस महकमे को हिला देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक महिला को निर्वस्त्र करने, घर में घुसकर मारपीट करने और गंभीर धमकी देने के मामलों में गिरफ्तार पंचायत मुखिया पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गया। आरोपी ने साथ चल रहे पुलिस अधिकारी को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और परिसर में पहले से घात लगाकर खड़ी बोलेरो गाड़ी में बैठकर रफूचक्कर हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
फरार आरोपी की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के नवडीहा ओपी अंतर्गत पंचायत मुखिया विनोद साव के रूप में हुई है।
ताराटांड़ से हुई थी गिरफ्तारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी विनोद साव के खिलाफ नवडीहा ओपी में कांड संख्या 218/26 के तहत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे ताराटांड़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद गुरुवार शाम पुलिस उसे लेकर गिरिडीह पहुंची।
मेडिकल जांच के बाद कोर्ट परिसर में दिया चकमा
नियमों के तहत कोर्ट में पेशी से पहले आरोपी को सदर अस्पताल ले जाया गया था। कांड के अनुसंधानकर्ता रामकिशोर पाल आरोपी को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे थे, जबकि ओपी प्रभारी अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए पहले से कोर्ट परिसर में मौजूद थे। अस्पताल में मेडिकल जांच पूरी होने के बाद पुलिस पदाधिकारी उसे न्यायाधीश के समक्ष पेश करने के लिए कचहरी परिसर लेकर आए। इसी दौरान मौका पाकर विनोद साव ने पुलिसकर्मी को जोरदार धक्का दिया और फरार हो गया।
एसपी के निर्देश पर छापेमारी शुरू
आरोपी के इस तरह फरार होने से पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। अनुसंधानकर्ता रामकिशोर पाल ने तुरंत इसकी सूचना ओपी प्रभारी को दी, जिन्होंने जमुआ इंस्पेक्टर प्रदीप दास को मामले से अवगत कराया। इसके बाद गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार और खोरी महुआ एसडीपीओ को पूरी घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए फरार अभियुक्त को जल्द से जल्द दबोचने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी को जब्त कर लिया है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.