देवघर (#novbhaskar): राजकीय श्रावणी मेला 2026 की चौथी और अंतिम सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर आए लाखों श्रद्धालु बोल बम और हर हर महादेव के गगनभेदी नारों के साथ बाबा मंदिर पहुंच रहे हैं। रविवार की रात से ही कांवरिए सुलभ जलार्पण के लिए कतारबद्ध हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारू दर्शन कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
सोमवार की सुबह चार बजे कांवरियों से भरा मंदिर परिसर।
अधिकारियों ने देर रात से संभाला मोर्चा
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण का जायजा लेने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने रविवार देर रात को ही मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किए। अधिकारियों ने नंदन पहाड़, कालीबाड़ी, कुमुदिनी घोष रोड, बरमसिया, बीएड कॉलेज, तिवारी चौक और जलसार मोड़ सहित तमाम संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा। ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस जवानों को श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशीलता और ‘सेवा भाव’ से पेश आने के निर्देश दिए गए हैं।
| कंट्रोल रूम में स्थिति पर नजर रखते डीएस, एसपी व अन्य अधिकारी। |
CCTV और क्यू मॉनिटरिंग से निगरानी
बाबा मंदिर परिसर स्थित मुख्य कंट्रोल रूम से आधुनिक सीसीटीवी कैमरों और वीडियो वॉल के जरिए पूरे रूटलाइन की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। क्यू मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं की कतार लगातार गतिमान रहे। अधिकारियों ने तकनीकी टीम को निर्देश दिया है कि कतार धीमी होने या भीड़ बढ़ने पर तुरंत ऑन-ड्यूटी पुलिस बल को अलर्ट करें।
सेवा केंद्रों और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
मेला क्षेत्र में पेयजल, चौबीस घंटे स्वास्थ्य सेवा, बिजली आपूर्ति, सूचना केंद्र और मातृत्व विश्राम गृह को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है ताकि महिला, वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं को तुरंत राहत मिल सके। अर्घा व्यवस्था के जरिए सभी शिवभक्तों को सुलभता से जलार्पण कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.