angara(ranchi) जशपुरिया बी.एड. कॉलेज में सत्र 2024-26 के प्रशिक्षुओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन शनिवार को बड़े ही हर्षोल्लास व गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जशपुरिया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन जैलेंद्र कुमार तथा अनगड़ा पूर्वी के जिला परिषद सदस्य राजेंद्र शाही मुंडा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर चेयरमैन जैलेंद्र कुमार ने सभी प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल व सफल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक-प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान, कौशल और अनुभवों का उपयोग समाज के निर्माण और शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सकारात्मक रूप से करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षक समाज का सच्चा मार्गदर्शक होता है, इसलिए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें। विदाई समारोह के दौरान प्रशिक्षुओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मनोरंजक गतिविधियां पेश कीं।
पंकज महतो बने 'मिस्टर फेयरवेल' तथा जुली होरो को 'मिस फेयरवेल'
सत्र 2024-26 के प्रशिक्षुओं ने संस्थान में बिताए अपने दो वर्षों के यादगार और खट्टे-मीठे अनुभवों को मंच से साझा किया। इस दौरान कई भावुक क्षण भी देखने को मिले। कार्यक्रम के अंत में बहुमुखी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पंकज महतो को 'मिस्टर फेयरवेल' तथा जुली होरो को 'मिस फेयरवेल' के खिताब से अलंकृत किया गया। इस विशेष अवसर पर संस्थान के सभी कर्मचारियों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मंच का सफल संचालन B.Ed. सत्र 2025-27 की प्रशिक्षु अनिता गोस्वामी एवं जेस्टिन टेटे ने अपने प्रभावी अंदाज में किया। अंत में कॉलेज प्रबंधन की ओर से सभी निवर्तमान प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए विदाई दी गई।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.