angara(ranchi) पवित्र श्रावण मास की पहली सोमवारी के अवसर पर बोंगईबेड़ा स्थित प्रणेश्वर शिवधाम 'गरूड़फाल' में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। धाम परिसर में आयोजित विशेष पूजा-अर्चना मुख्य पुजारी रूपलाल भगत द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराई गई। उल्लेखनीय है कि गरुड़फाल परिसर में हाल ही में प्रणेश्वर शिवधाम की स्थापना की गई है। पहली सोमवारी को लेकर आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु भगवान शिवलिंग पर जलाभिषेक करने पहुंचे। शिवधाम समिति के अध्यक्ष प्रणय वर्मा, जगेश्वर महतो एवं धनीराम महतो ने संयुक्त रूप से बताया कि पूरे श्रावण मास के दौरान शिवधाम में आने वाले भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूजा-अर्चना के पश्चात महाप्रसाद का भी वितरण किया गया। पहली सोमवारी को लेकर अनगड़ा प्रखंड क्षेत्र के महेशपुर, गेतलसूद, जोन्हा और सिकिदिरी स्थिति प्रमुख शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.