GA4-314340326 गिरिडीह में तनाव: तीनमहुआ गांव की मस्जिद में तोड़फोड़, 10 हिरासत में; भारी पुलिस बल तैनात

गिरिडीह में तनाव: तीनमहुआ गांव की मस्जिद में तोड़फोड़, 10 हिरासत में; भारी पुलिस बल तैनात

 बकरीद के बाद से ही संवेदनशील था माहौल, अब उपद्रवियों ने मस्जिद के गेट-खिड़की तोड़े

 भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान एक चौकीदार घायल, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

Tension in Giridih: Mosque in Teenmahua village vandalized, 10 detained; heavy police force deployed
क्षेत्र में तैनात अतिरिक्त पुलिस बल।
गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत तीनमहुआ गांव में मस्जिद में तोड़फोड़ के बाद दो समुदायों के बीच तनाव व्याप्त हो गया है। हालात को देखते हुए जिला पुलिस के वरीय अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर डटे हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 9 से 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। इस झड़प के दौरान एक चौकीदार के घायल होने की भी खबर है।

क्यों बढ़ा तनाव

दरअसल, बकरीद के बाद गांव में प्रतिबंधित पशु का कटा हुआ सिर मिलने की घटना के बाद से ही इलाके में माहौल बेहद संवेदनशील बना हुआ था। इसी बीच, कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की नीयत से मस्जिद के मुख्य गेट और खिड़कियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की खबर फैलते ही दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और तनाव चरम पर पहुंच गया।

एसपी खुद कर रहे मॉनिटरिंग, बाहरी की एंट्री पर रोक

गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पूरे क्षेत्र में पुलिस की गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ा दी गई है। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए गांव में बाहरी लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

मामले को लेकर एएसपी (ASP) ने बताया कि फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने आम जनता से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। सोशल मीडिया और इलाके में किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी दी गई है कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल को रिजर्व में रखा गया है।

 


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने