GA4-314340326 गिरिडीह : कबरीबाद माइंस में कोयला चोरों का तांडव, सुरक्षाकर्मियों पर जानलेवा हमला; झड़प में एक युवक की मौत

गिरिडीह : कबरीबाद माइंस में कोयला चोरों का तांडव, सुरक्षाकर्मियों पर जानलेवा हमला; झड़प में एक युवक की मौत

coal thieves attack ccl guards giridih one death
ग्रामीणों को समझाते पुलिस अधिकारी (सौ. : giridih updates)
अमित सहाय / गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कबरीबाद माइंस स्थित सीसीएल सीपी साइडिंग मंगलवार की रात रणक्षेत्र में तब्दील हो गई। करीब 300 से अधिक हथियारबंद कोयला चोरों ने सीसीएल के अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों पर सुनियोजित तरीके से हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में जहां आधा दर्जन से अधिक गार्ड लहूलुहान हुए हैं, वहीं चाकू लगने से एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है।

भीड़ का हमला: देखते ही देखते जुट गए 300 लोग

घायल सुरक्षाकर्मी अफजल हुसैन ने बताया कि रात के वक्त शुरुआत में करीब 20 की संख्या में चोर पहुंचे थे। वे हाइवा से जबरन कोयला उतारने की कोशिश कर रहे थे। जब गार्ड्स ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो मामला मारपीट तक जा पहुंचा। शोर सुनकर जब सीसीएल की पेट्रोलिंग गाड़ी और अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा, तब अचानक आस-पास के इलाकों से 300 से अधिक लोग लाठी, डंडे और धारदार हथियारों के साथ वहां जुट गए और सुरक्षाकर्मियों को घेरकर हमला कर दिया।

हमले में हुए नुकसान 

 घायल कर्मी : सीसीएल अधिकारी राम सागर सहित बिरजू भुइयां, विकास कुमार, फागू कोल्ह, अफजल हुसैन, संतोष सिंह, असगर अंसारी और बलदेव गोप। सभी का इलाज सीसीएल अस्पताल में जारी है।

 संपत्ति का नुकसान : उपद्रवियों ने एक हाइवा और दो चारपहिया वाहनों के शीशे तोड़ दिए। सुरक्षाकर्मियों की बाइक को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।

चाकू लगने से युवक की मौत, परिजनों का हंगामा

हिंसक झड़प के दौरान क्रशर के समीप 22 वर्षीय दिलीप कुमार (पिता- भूचारी दास) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चाकू लगी थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों ने सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने सीसीएल प्रबंधन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि सीसीएल के ही एक पदाधिकारी ने जानबूझकर दिलीप की चाकू मारकर हत्या की है।

चोरों के दुस्साहस ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हम मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। -श्याम किशोर महतो, थाना प्रभारी (मुफस्सिल)

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका

वारदात की सूचना मिलते ही परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा और मुफस्सिल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल को आते देख हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। वर्तमान में घटनास्थल पर पुलिस तैनात है और स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है। सीसीएल प्रबंधन और पुलिस दोनों ही अपने-अपने स्तर पर मामले की जांच में जुटे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी संख्या में लोग अचानक कैसे एकत्र हुए और इस संगठित हमले के पीछे मास्टरमाइंड कौन है।


​​




Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم