GA4-314340326 गिरिडीह : धान के गोदाम में चल रही थी नकली शराब की फैक्ट्री, 15 लाख का माल जब्त

गिरिडीह : धान के गोदाम में चल रही थी नकली शराब की फैक्ट्री, 15 लाख का माल जब्त

 

बरामद शराब व कच्चे माल की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
अमित सहाय/ गिरिडीह : जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चिताखारो गांव में पुलिस और उत्पाद विभाग ने एक बड़े अवैध शराब नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यहां धान के एक गोदाम की आड़ में नामी ब्रांड्स की नकली विदेशी शराब बनाई जा रही थी। संयुक्त छापेमारी में करीब 15 लाख रुपए मूल्य की सामग्री बरामद की गई है, हालांकि अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर माफिया भागने में सफल रहे।

34 पेटी शराब और भारी मात्रा में स्पिरिट बरामद

उपायुक्त राम निवास यादव को मिली गुप्त सूचना के बाद उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। अवर निरीक्षक रवि रंजन और भरकट्टा थाना प्रभारी अमन कुमार ने दलबल के साथ चिताखारो स्थित बिक्कू साव के गोदाम में दबिश दी।

छापेमारी में जब्त सामान की सूची

 तैयार शराब : 665 लीटर (आइकॉनिक और रॉयल चैलेंज ब्रांड की 34 पेटियां)

 कच्चा माल : 370 लीटर स्पिरिट और 5 लीटर केरामेल (रंग बनाने के लिए)

 पैकेजिंग मटेरियल : 4000 खाली बोतलें, 1000 कार्टन, 11000 ढक्कन और 1000 नकली होलोग्राम।

 चार आरोपियों पर प्राथमिकी, सरगर्मी से तलाश जारी

जांच में खुलासा हुआ कि यह गोदाम बिक्कू साव का है। इस अवैध धंधे में उसके साथ राजेश यादव, अजय साव और सुभाष साव मुख्य रूप से शामिल हैं। पुलिस ने इन चारों फरार अभियुक्तों के खिलाफ भरकट्टा थाने में केस दर्ज कर लिया है।

प्रशासन अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। पकड़ी गई सामग्री की बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपए है। फरार माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। -शिव कुमार साहू, उत्पाद अधीक्षक



Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم