GA4-314340326 भाजपा को हर मुद्दे पर मुंहतोड़ जवाब देगा झामुमो: प्रमिला मेहरा

भाजपा को हर मुद्दे पर मुंहतोड़ जवाब देगा झामुमो: प्रमिला मेहरा

 नगर निगम चुनाव में जीत के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों का किया अभिनंदन

समारोह को संबोधित करतीं मेयर व उपस्थित नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू।
अमित सहाय / रांची : गिरिडीह नगर निगम चुनाव में मिली भव्य जीत के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने चुनावी शंखनाद कर दिया है। नवनिर्वाचित महापौर प्रमिला मेहरा और विजयी वार्ड पार्षदों के सम्मान में आयोजित समारोह में पार्टी ने साफ कर दिया कि आगामी दिनों में भाजपा की घेराबंदी तेज होगी। कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने हुंकार भरते हुए कहा कि गिरिडीह की जनता ने जातिवाद की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है।

रिवर फ्रंट निर्माण की फाइल पर लगी मुहर

समारोह के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शहरवासियों को बड़ी सौगात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे दो दिन पूर्व ही गिरिडीह के प्रस्तावित रिवर फ्रंट निर्माण की फाइल पर हस्ताक्षर कर लौटे हैं। उन्होंने कहा, भाजपा ने हमेशा लोगों को बांटने की कोशिश की, लेकिन निकाय चुनाव के नतीजों ने साबित कर दिया है कि यहां सिर्फ विकास की राजनीति चलेगी। यदि कोई गिरिडीह की एकता को तोड़ने का प्रयास करेगा, तो JMM उससे निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

शाल ओढ़ाकर पार्षदों का किया सम्मान

JMM जिला कार्यालय में आयोजित इस समारोह में मंत्री और जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने महापौर प्रमिला मेहरा सहित सभी 28 से अधिक नवनिर्वाचित पार्षदों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इनमें अनिल राम, इस्तियाक अहमद लालो, बदरून निशा, कृष्णा कुमार साहू, हिना खानम, मो. इम्तियाज अली, संगीता कुमारी, रंजीत यादव, अशोक राम, अजय रजक, ज्योती मंराडी, नीलम झा, सुमित कुमार, आरती देवी, महबूब आलम, उर्मिला देवी, राजकुमार भुइंया, नितेश कुमार, मुन्ना रजवार, नूरुल होंदा, शगुफ्ता प्रवीण, बुलंद अख्तर रूमी, चंदू यादव, रशीदा अख्तर, आरजू बानो, सरफराज अंसारी, शाहनाज खातून और बीनू देवी शामिल हैं।

भाजपा के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। वे केवल भ्रम फैलाने की राजनीति करते हैं, लेकिन अब JMM हर मुद्दे पर उन्हें जवाब देने के लिए तैयार है। जनता ने हम पर जो भरोसा जताया है, हम उस पर खरा उतरेंगे। -प्रमिला मेहरा, महापौर, गिरिडीह

नवभास्कर व्यू : नगर निगम चुनाव में मिली यह जीत JMM के लिए केवल एक निकाय की जीत नहीं, बल्कि जिले में अपनी पकड़ मजबूत करने का संकेत है। रिवर फ्रंट जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के जरिए पार्टी अब शहरी मतदाताओं के बीच विकास का कार्ड खेलने की तैयारी में है।



Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم