गिरिडीह : गांडेय थाना क्षेत्र के झरघट्टा गांव में सोमवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में पिस्टल से छेड़छाड़ के दौरान एक युवक को गोली लग गई। घायल की पहचान 38 वर्षीय चंद्र मरिक उर्फ चौहान के रूप में हुई है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 4 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी आरोपियों की जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी।
शराब पार्टी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सोमवार को चंद्र मरिक काम से लौटने के बाद अपने दो साथियों के साथ झरघट्टा गांव पहुंचा था। वहां तीनों ने एक साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान आरोपी जागेश्वर मरिक उर्फ 'छोटका' अपनी पिस्टल निकालकर उससे छेड़छाड़ करने लगा। नशे में धुत होने के कारण अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे चंद्र मरिक के पेट में जा लगी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने रात में ही छापेमारी कर आरोपी जागेश्वर मरिक को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन, 7.65 एमएम की जिंदा गोली व एक खोखा बरामद किया है।
पुलिस ने घटना के महज 4 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कांड संख्या 13/26 के तहत आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया गया है।-पुलिस अधिकारी
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.