GA4-314340326 झारखंड में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहेगा: ज्ञानेश

झारखंड में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहेगा: ज्ञानेश

 देवघर में मुख्य चुनाव आयुक्त ने बीएलओ के साथ किया संवाद; कहा-झारखंड में अभी SIR की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, इसके बावजूद यहां के बीएलओ की तैयारी अच्छी है 

बीएलओ को संबोधित करते मुख्य चुनाव आयुक्त।
देवघर (झारखंड): मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि लोकतंत्र का आधार शुद्ध मतदाता सूची है और इस सूची की शुद्धता का आधार इसे तैयार करने वाले बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) हैं। उन्होंने बताया कि देश में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य विभिन्न चरणों में चल रहा है। झारखंड में अभी इसकी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, इसके बावजूद यहां के बीएलओ की तैयारी और प्रक्रियात्मक ज्ञान यह स्पष्ट करता है कि राज्य में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहेगा।

ज्ञानेश कुमार सोमवार को देवघर के तपोवन स्थित श्री श्री मोहनानंद +2 विद्यालय में आयोजित बीएलओ संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

CEC ने बीएलओ किया उत्साहवर्धन

संवाद के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने बीएलओ का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पहले बीएलओ के पास घर-घर सत्यापन के लिए कोई आधिकारिक पहचान पत्र नहीं होता था, जिससे लोग उन्हें संशय की दृष्टि से देखते थे। इस समस्या को दूर करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने बीएलओ के लिए आईडी कार्ड जारी किए हैं, जिससे अब वे बिना किसी संकोच के डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन कर पा रहे हैं।

संवाद में अपनी बात रखतीं एक बीएलओ।

               तकनीकी बारीकियों पर बीएलओ संग चर्चा

कार्यक्रम में देवघर जिले के विभिन्न केंद्रों के बीएलओ ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की बारीकियों को साझा किया:

 * प्रमिला यादव ने पुनरीक्षण की आवश्यकता पर जानकारी दी।

 * गुलशन परवीन ने वर्तमान मतदाता सूची को उम्र के आधार पर A, B, C, D श्रेणियों में बांटकर मैपिंग की प्रक्रिया समझाई।

 * गीता कुमारी और दीपम कुमारी ने मैपिंग के 8 चेकपॉइंट्स के बारे में विस्तार से बताया।

 * राखी देवी और संगीता देवी ने घरों को नोशनल नंबर देने की प्रक्रिया स्पष्ट की।

 * कुमारी प्रिया ने फॉर्म 6, 7 और 8 भरने के तकनीकी पहलुओं को रखा।

 * रजिया खातून ने बताया कि मैपिंग के दौरान महिला मतदाताओं को उनके माता-पिता के साथ मैप करना है, न कि उनके पति के साथ।

बीएलओ की इस स्पष्टता से प्रभावित होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ने घोषणा की कि जल्द ही नई दिल्ली स्थित IIIDEM में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में देवघर के बीएलओ को भी आमंत्रित किया जाएगा।

पारदर्शी प्रक्रिया का आश्वासन

प्रेस वार्ता के दौरान ज्ञानेश कुमार ने कहा कि देवघर और दुमका प्रवास के दौरान बीएलओ के साथ संवाद से यह भरोसा जागा है कि झारखंड में जब भी पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू होगा, वह अत्यंत सुगम और पारदर्शी होगा। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण के विभिन्न चरणों जैसे-इन्यूम्यूरेशन फॉर्म, प्रारूप प्रकाशन, क्लेम-ऑब्जेक्शन, नोटिस पीरियड और सुनवाई के प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला।

इस अवसर पर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी शैलेश कुमार और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


 


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم