GA4-314340326 कांग्रेस नेता केएन त्रिपाठी ने अपनी ही सरकार के अफसरों को बताया भ्रष्ट

कांग्रेस नेता केएन त्रिपाठी ने अपनी ही सरकार के अफसरों को बताया भ्रष्ट

  

देवघर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते केएन त्रिपाठी (बीच में)।
देवघर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने शुक्रवार को देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अपनी ही सरकार के अधिकारियों के कामकाज पर गंभीर सवाल उठाए, साथ ही बिहार चुनाव और प्रशांत किशोर (PK) पर भी अपनी राय रखी।

 भ्रष्टाचार को लेकर ब्यूरोक्रेसी पर निशाना

केएन त्रिपाठी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के अधिकारियों पर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि राज्य की नौकरशाही (ब्यूरोक्रेसी) इसे डेमोक्रेटिक सरकार नहीं, बल्कि ब्यूरोक्रेटिक सरकार समझ रही है। इस कारण राज्य के ब्यूरोक्रेट्स भ्रष्टाचार को अपना अधिकार मान रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कई जिलों में बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी से लेकर डिप्टी कलेक्टर तक अवैध कमाई करने में लगे हुए हैं।कांग्रेस नेता ने इसे चिंता का विषय बताते हुए कहा कि आम जनता ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों के कारण शोषित हो रही है। उन्होंने कहा कि वह सरकार में शामिल अपने सहयोगियों से मिलकर इस विषय पर बात करेंगे।

 बिहार में महागठबंधन की बनेगी सरकार

केएन त्रिपाठी ने पड़ोसी राज्य बिहार के विधानसभा चुनाव पर भी अपनी राय रखी। कहा कि बिहार में एक बड़ा वर्ग महागठबंधन के साथ है और बदलाव चाह रहा है। उनका मानना है कि नीतीश कुमार लंबे समय से मुख्यमंत्री हैं, और लोगों को लगता है कि एक ही तरीके से काम हो रहा है। बिहारवासियों को लग रहा है कि महागठबंधन की सरकार आएगी तो विकास की गति भी तेज होगी और काम करने का तरीका भी बदलेगा। इसलिए, बिहार के लोग नया नेतृत्व चाह रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर वोट मैनुकुलेशन न हो तो बिहार में महागठबंधन की अच्छी स्थिति रहेगी।

बिहार चुनाव प्रशांत किशोर (PK) कहीं नहीं हैं

चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर (PK) पर टिप्पणी करते हुए केएन त्रिपाठी ने कहा कि पीके का ग्राफ जो उठा था, उनके चुनाव नहीं लड़ने के कारण वह गिरा है। प्रशांत किशोर को चुनाव लड़ना चाहिए था। चुनाव नहीं लड़ने से वे नेपथ्य में चले गए हैं। मौके पर कांग्रेस जिला मीडिया चैयरमेन बृजभूषण राम समेत कई अन्य नेता भी उपस्थित थे।



Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने