GA4-314340326 सेवा कार्यों से आता है सामाजिक बदलाव: प्रसाद

सेवा कार्यों से आता है सामाजिक बदलाव: प्रसाद

 मधुबन में सेवा भारती का प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग शुरू

प्रशिक्षण वर्ग में सेवा भारती के पदाधिकारी।
गिरिडीह/मधुबन : सेवा भारती, झारखंड के तत्वाव तयधान में छह दिवसीय आचार्य व किशोरी विकास सेवा प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन गिरिडीह के मधुबन स्थित तलेटी तीर्थ क्षेत्र, कल्पवृक्ष धर्मशाला में मंगलवार को शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग महिला कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने और सेवा कार्यों को विस्तार देने पर केंद्रित है। वर्ग का उद्घाटन क्षेत्र सेवा प्रमुख त्रिवेणी साव ने दीप प्रज्वलित कर किया।

महिलाओं को नेतृत्व क्षमता का प्रशिक्षण

​यह सेवा प्रशिक्षण वर्ग मुख्य रूप से शिक्षा कार्य से जुड़ी सेवाव्रती महिला कार्यकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने के लिए है। सेवा भारती के न्यासी गुरुशरण प्रसाद ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि छोटी-छोटी पहल के माध्यम से सेवा कार्य करके हम समाज के वातावरण में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने जोर दिया कि सेवा भारती अपने विभिन्न आयामों द्वारा सामाजिक बदलाव ला चुकी है। उन्होंने बताया कि सेवा बस्तियों के बच्चों को बाल्यकाल से ही संस्कारित शिक्षा दी जा रही है। अभावग्रस्त महिलाओं को स्वावलंबन प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

​जरूरतमंदों को आरोग्य प्रदान कर शिक्षित, समृद्ध और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा रहा है।

​सेवा साधना से व्यक्तित्व को ऊंचाइयों तक ले जाने का अवसर

​प्रशिक्षण वर्ग के वर्गाधिकारी प्रो. सतीश्वर प्रसाद सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सेवा कार्य हमें अपने व्यक्तित्व को ऊँचाइयों तक ले जाने का स्वर्णिम अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सेवा की साधना और तप को भारतीय संस्कृति की अडिगता का आधार बताया और इसके संरक्षण तथा संवर्द्धन को हमारा परम दायित्व बताया।

संघ शताब्दी वर्ष पर सेवा विस्तार की योजना

​आरएसएस, झारखंड प्रांत सेवा प्रमुख मुकेश रंजन सिंह ने संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सेवा कार्य के विस्तार पर बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी चिन्हित सेवा बस्तियों, पंचायतों और प्रखंडों तक पहुँचने का आह्वान किया। शताब्दी वर्ष पर तय कार्यक्रमों—जैसे गृह संपर्क, हिंदू सम्मेलन और सामाजिक सद्भाव बैठकों—में सेवा भारती की महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका को उन्होंने अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

वर्ग के दौरान, किशोरी विकास केंद्र संचालन पर अनुपमा सिन्हा, निशी जयसवाल और कंचन प्रभा ने प्रशिक्षण दिया, जबकि नीतू सिन्हा ने भगिनी निवेदिता और रश्मि मिश्रा ने झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई के प्रेरक जीवनवृत्त बताए। प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख रमाकांत दूबे ने सेवा कार्य शुरू करने से पहले बस्ती सर्वेक्षण और बस्ती समिति निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी दी।

इस छह दिवसीय वर्ग में खेल, योगासन, वंदना और मंत्रोच्चार का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्ग को सफल बनाने में जिला सचिव मनोज छापरिया, नम्रता गुप्ता, लवकेश उपाध्याय, जयनंदन तिवारी और अन्य कार्यकर्ताओं की सराहनीय भूमिका रही।






Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने