GA4-314340326 झारखंड में SAF सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का भव्य आगाज

झारखंड में SAF सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का भव्य आगाज

 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया उद्घाटन 

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में चौथी SAF सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसे झारखंड के लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया, क्योंकि राज्य को लंबे समय बाद इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है।

दक्षिण एशिया के छह देशों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

इस चैंपियनशिप में दक्षिण एशिया के विभिन्न देशों भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस सफल आयोजन से झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित होगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंडी खिलाड़ियों ने बढ़ाया गौरव

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि झारखंड के युवाओं में खेल के प्रति गजब का उत्साह और समर्पण है। उन्होंने क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी सहित कई खेलों में यहां के खिलाड़ियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स के क्षेत्र में भी युवाओं की गहरी रुचि है और उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से स्टेडियम में आकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस चैंपियनशिप में भी राज्य के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

 खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन जारी रहेगा

मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका के खिलाड़ियों का हार्दिक अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में यहां के कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक नृत्य के साथ विदेशी खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी इस प्रकार के खेलों का आयोजन करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

खेल आधारभूत संरचनाओं का बेहतर उपयोग

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में खेल के समग्र विकास के लिए बेहतर आधारभूत संरचनाएं स्थापित हैं। राज्य सरकार प्रतिबद्ध है कि इन संरचनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए आने वाले समय में भी ऐसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होता रहे। उन्होंने एथलेटिक्स फेडरेशन और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के लिए आभार व्यक्त किया, जिससे यह भव्य चैंपियनशिप संभव हो पाई है।

उद्घाटन समारोह में इन्होंने की शिरकत 

इस अवसर पर खेल विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, स्वास्थ्य विभाग के मंत्री इरफान अंसारी, कृषि विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद राज्यसभा महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक श्वेता सिंह, विधायक सुरेश बैठा, प्रेसिडेंट SAF डॉ. ललित भनोट, पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू, पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कृष्णा पूनिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।





Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم