फोटो: फर्श पर औंधे मुंह पड़ा मृतक का शव। (KANKE NEWS,RANCHI)। राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के बनहरा गांव में हैदराबाद में पदस्थापित सीआरपीएफ के डीआईजी अनिल मिंज के निर्माणाधीन घर में मंगलवार की सुबह एक मजदूर का शव बरामद हुआ। मृतक गंदूरा उरांव (42 वर्ष) पिता दसरू उरांव उसी गांव का रहने वाला था। वह लगभग दो वर्षों से उनके मकान में कार्य कर रहा था। पुलिस को ग्रामीणों से सुबह सात बजे घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक को फर्श पर गिरा हुआ पाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार उसकी हत्या गला दबा कर किए जाने की आशंका है। घटना के समय मकान का केयरटेकर महेश उरांव, उसकी पत्नी, अन्य दो राजमिस्त्री, सीआरपीएफ के दो गार्ड और एक चालक भी मौजूद थे। पुलिस सभी को पूछताछ के लिए थाने ले गई है। पुलिस मामले की तह तक लगभग पहुंच गई है। इसका खुलासा एक से दो दिनों में किए जाने की संभावना है। डीएसपी अमर कुमार पांडेय और इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार रजक स्वयं सभी से पूछताछ कर रहे थे। देर शाम मृतक की पत्नी मुन्नी देवी ने हत्या की आशंका जताते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हत्या किसने और किस कारण से की इसका खुलासा भी जल्द होने की संभावना है। पोस्टमार्टम के उपरांत गांव में मृतक का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। मृतक की दो बेटियां और एक बेटा है। सभी नाबालिग हैं। वरीय समाजसेवी सह पूर्व मुखिया एतवा उरांव, आजसू नेता बसंत महतो, चिंतामणि महतो, प्रकाश सहित अन्य लोगों ने जल्द से जल्द इस मामले का खुलासा करते हुए दोषियों पर कड़ी कारवाई करने की मांग की है। साथ ही सरकार से मृतक के परिजनों को समुचित मुआवजा देने की मांग भी की है, ताकि छोटे बच्चों का भरण- पोषण तथा शिक्षा निर्बाध ढंग से हो सके। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार गांव में एक शादी थी, जिसमें मृतक के साथ महेश और अन्य भी सम्मिलित हुए थे। इसके बाद गंदूरा उरांव अपने घर नहीं गया। वह महेश के साथ ही निर्माणाधीन मकान में रुक गया था। इसके बाद सुबह में उसकी लाश मिली।
कांके बनहरा में डीआईजी के निर्माणाधीन घर में मजदूर की हत्या
Kanke
0
Tags
Kanke News
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.