जानिए क्या है पूरा मामला?
आशुतोष कुमार सिंह का ब्लॉक चौक, कांके में पेट्रोल पंप, एक बहुमंजिला मार्केट और एक निर्माणाधीन मॉल है। वे क्लास-वन संवेदक (ठेकेदार) भी हैं। पीड़ित ने कांके थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 3 जुलाई की रात उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया और 2 करोड़ की मांग की गई। इसके बाद रविवार को भी कॉल आए, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया।
व्हाट्सएप पर धमकी, मांगे हर महीने 10 लाख
फोन कॉल रिसीव नहीं करने पर अपराधियों ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर और भी खौफनाक चेतावनी दी। मैसेज में कहा गया है कि 2 करोड़ तो देने ही हैं, साथ ही कारोबार जारी रखने के लिए हर महीने 10 लाख रुपये 'सुरक्षा शुल्क' (रंगदारी) के रूप में देने होंगे।
धमकी में लिखा- घर के हर सदस्य की पूरी जानकारी है
मैसेज में अपराधियों ने दावा किया है कि उनके पास आशुतोष सिंह के परिवार के सभी सदस्यों का पूरा विवरण है। धमकी दी गई है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो उनकी गाड़ियों पर बमबारी और उन पर गोलीबारी की जाएगी। इस धमकी भरे मैसेज के नीचे 'अमन साव-राहुल दुबे गैंग' का नाम लिखा हुआ है।
कानून व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल
अब तक राजधानी रांची और आसपास के जिलों में 'प्रिंस खान' के नाम पर रंगदारी मांगने की घटनाएं सामने आ रही थीं, लेकिन अब अमन साव और राहुल दुबे गैंग के सक्रिय होने की चर्चा ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। क्या ये सचमुच वही गैंग है या फिर कोई उनके नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैला रहा है, यह जांच का विषय है। फिलहाल, कांके पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.