अनगड़ा (रांची) : रांची-मुरी मार्ग पर चमघाटी के समीप मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने एक पैसेंजर ऑटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
रांची जा रहे थे सिंगारी गांव के ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, सिकिदिरी थाना क्षेत्र के सिंगारी गांव के रहने वाले सात लोग ऑटो पर सवार होकर किसी काम से रांची की ओर जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे जैसे ही ऑटो चमघाटी के पास पहुंचा, विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में घायल हुए लोगों में जयमंगल बेदिया (ऑटो चालक), धुरेंद्र बेदिया, अर्जुन मुंडा, रंजीत बेदिया, हरिचरण लोहरा, बुधेश्वर बेदिया व सुखदेव लोहरा शामिल हैं
ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इधर, हादसे का फायदा उठाकर आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से भागने में सफल रहा। सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस फरार ट्रक और चालक की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी कर रही है।

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.