फोटो : स्काच अवॉर्ड ग्रहण करते सीआईपी निदेशक डॉ वीके चौधरी।
KANKE,(RANCHI)। सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (सीआईपी), कांके, रांची को सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित स्काच अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान सीआईपी के निदेशक डॉ वीके चौधरी ने संस्थान की ओर से नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में ग्रहण किया। यह पुरस्कार सुदूर रहने वाले एवं वंचित समुदायों तक मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए किए गए अभिनव एवं प्रभावी प्रयासों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रदान किया जाता है। वर्ष 2021 में सीआईपी ने गैर-सरकारी संस्था ‘एकजुट’ के सहयोग से झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से एक सामुदायिक आधारित टेली-मनोचिकित्सा मॉडल की शुरुआत की थी। पश्चिमी सिंहभूम मुख्यतः जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्र है, जहाँ मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की उपलब्धता सीमित रही है। इस चुनौती का समाधान करने के लिए सीआईपी की विशेषज्ञ मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को ‘एकजुट’ की सुदृढ़ सामुदायिक पहुँच, घर-आधारित फॉलो-अप, परामर्श सेवाओं, सहायता समूहों तथा सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों के साथ जोड़ा गया। इस पहल के माध्यम से गंभीर मानसिक विकारों से प्रभावित लगभग 800 व्यक्तियों का पंजीकरण किया गया। परियोजना के तहत उपचार तक पहुँच को आसान बनाया गया, इलाज की लागत में कमी लाई, उपचार के अनुपालन में सुधार किया तथा सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक समावेशन के माध्यम से मानसिक रोगों से जुड़े कलंक एवं भेदभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ वीके चौधरी ने कहा कि यह सम्मान केवल सीआईपी के लिए नहीं, बल्कि उन सभी स्वास्थ्यकर्मियों, सामुदायिक स्वयंसेवकों, सहायता समूहों, परियोजना सहयोगियों और सबसे बढ़कर उन व्यक्तियों एवं उनके परिवारों के लिए है, जिन्होंने इस पहल पर विश्वास किया और इसके साथ जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य में सुधार केवल दवा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सहभागिता, आजीविका और आशा का पुनर्निर्माण भी शामिल है। उन्होंने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान ने सामुदायिक आधारित मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावशीलता को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्रदान की है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह मॉडल देश के अन्य दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा तथा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के ट्रीटमेंट गैप को कम करने में सहायक सिद्ध होगा। सीआईपी और ‘एकजुट’ के बीच यह साझेदारी इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि कैसे संस्थागत विशेषज्ञता और सामुदायिक सहभागिता मिलकर मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
सीआईपी को सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य मॉडल के लिए मिला प्रतिष्ठित स्काच अवॉर्ड
Kanke
0
Tags
Kanke News

एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.