GA4-314340326 गिरिडीह : पुलिस पर हमला करने वाला दूसरा आरोपी सौरभ गिरफ्तार, भेजा गया जेल

गिरिडीह : पुलिस पर हमला करने वाला दूसरा आरोपी सौरभ गिरफ्तार, भेजा गया जेल

 

Giridih: Saurabh, the second accused in the police attack, was arrested and sent to jail.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
अमित सहाय/ गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कबरीबाद माइंस क्रशर के पास पिछले दिनों स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस पर पथराव करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मुफ्फसिल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीतलपुर निवासी 19 वर्षीय सौरभ कुमार (पिता: प्रवीण कुमार गुप्ता) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गिरिडीह जेल भेज दिया है। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जीतवाहन उरांव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।

हिंसक झड़प में हुई थी युवक की मौत

मामले की पृष्ठभूमि बताते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 5 मई को कबरीबाद क्रशर के पास स्थानीय ग्रामीणों और सीसीएल (CCL) कर्मियों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस घटना में स्थानीय युवक दिलीप दास गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीएल सुरक्षा इंचार्ज और गार्ड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

शव के साथ प्रदर्शन और पुलिस पर पथराव

युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सदर अस्पताल से शव को स्ट्रेचर पर ही निकाला और कबरीबाद माइंस ले जाकर प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस जब लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही थी, तभी भीड़ में से कुछ उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया।

अधिकारी भी हुए थे घायल : इस पथराव में साइबर डीएसपी आबिद खान और नगर थाना के एसआई विक्रम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

 पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस पर हुए इस हमले के बाद मुफ्फसिल थाने में कांड संख्या 112/26 दर्ज की गई थी। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सौरभ कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस पथराव मामले में पूर्व में भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और अन्य उपद्रवियों की तलाश जारी है।




Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने