GA4-314340326 सब्जियों की आड़ में कोयले की तस्करी: अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप वैन, तब खुला राज

सब्जियों की आड़ में कोयले की तस्करी: अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप वैन, तब खुला राज

दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन में लदी कोयले की बोरियां। 

सिल्ली (रांची ) : मुरी-रांची मुख्य सड़क मार्ग पर सिल्ली थाना क्षेत्र के हरवाडीह-हेसाडीह के पास सोमवार सुबह साढ़े 9 बजे अवैध कोयले से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके चालक-खलासी फरार हो गए। लोगों ने देखा तो पता चला कि कोयले की बोरियों के ऊपर सब्जियों के खाली कैरट (ट्रे) लाद रखे थे, ताकि बाहर से देखने पर यह सामान्य मालवाहक गाड़ी लगे।

पुलिस के पहुंचने से पहले चालक फरार 

हादसे के तुरंत बाद वाहन में सवार चालक और मजदूर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकले और मौके से फरार हो गए। जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों को पता चला कि वैन में सब्जी नहीं बल्कि कोयला है। घटना की सूचना मिलने के काफी देर बाद सिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तस्कर और चालक रफूचक्कर हो चुके थे।

हेलमेट पहनकर रेकी करता है तस्कर

सूत्रों के अनुसार, रामगढ़ क्षेत्र से अवैध कोयले का काला खेल सालों भर चलता है। तस्कर बेहद शातिर तरीके से काम करते हैं:

 * रेकी का तरीका: मुख्य तस्कर बाइक पर हेलमेट पहनकर गाड़ी के आगे-आगे चलता है, ताकि पुलिस की लोकेशन की जानकारी चालक को दे सके।

 * सप्लाई चेन: यह कोयला सिल्ली और आसपास के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित अवैध ईंट भट्ठों में खपाया जाता है।

 * एंट्री का खेल: चर्चा है कि रामगढ़ से लेकर गंतव्य तक पड़ने वाले सभी थाना क्षेत्रों में कोयला माफियाओं द्वारा कथित तौर पर 'महीना' (एंट्री फीस) दिया जाता है, जिससे यह अवैध कारोबार बेधड़क चलता है।

पुलिस की भूमिका पर सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस केवल खानापूर्ति के लिए मौके पर पहुंची थी। चौंकाने वाली बात यह है कि शाम करीब 3 बजे, पुलिस की गैर-मौजूदगी में ही क्षेत्र के दो ट्रैक्टर आए और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन समेत बचे हुए कोयले को उठाकर ले गए। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि यह सब पुलिस की मौन सहमति से हुआ। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और गाड़ी के मालिक व तस्करों का पता लगाया जा रहा है।



Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم