GA4-314340326 सिल्ली CO के ड्राइवर ने क्वार्टर में लगाई फांसी, 6 साल के बेटे ने पंखे से लटका देखा पिता का शव

सिल्ली CO के ड्राइवर ने क्वार्टर में लगाई फांसी, 6 साल के बेटे ने पंखे से लटका देखा पिता का शव

मृतक राजकुमार गोंझू, (फाइल फोटो)
सिल्ली (रांची): सिल्ली अंचल अधिकारी (CO) अरुणिमा एक्का के सरकारी चालक राजकुमार गोंझू (35) ने शनिवार देर रात प्रखंड मुख्यालय स्थित अपने क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। रविवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (रांची) भेज दिया है।

बेटे के शोर मचाने पर जुटी भीड़

जानकारी के अनुसार, राजकुमार शनिवार रात में अपने छह वर्षीय पुत्र के साथ एक कमरे में सोया हुआ था, जबकि बगल के कमरे में उसकी पत्नी अपनी दो साल की बेटी के साथ थी। देर रात जब बेटे की नींद खुली तो उसने पिता को पंखे के सहारे दुपट्टे से लटका देखा। बच्चे के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग जुटे और फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मुरी ओपी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला है, संभवतः वह किसी तनाव में था।

थाने बाहर गाड़ी में बैठी राजकुमार की पत्नी।

पारिवारिक कलह और जमीन का पेंच

बताया जा रहा कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जिसके कारण वह एक ही क्वार्टर में अलग-अलग कमरों में रहता था। वहीं, एक अन्य चर्चा यह भी है कि राजकुमार ने सिंहपुर मौजा में 5 डिसमिल जमीन खरीदने के लिए 2 लाख रुपये का नकद भुगतान किया था। रविवार को ही जमीन की मापी होनी थी। शनिवार शाम 7 बजे वह अपने दोस्तों को पुरी जाने के लिए मुरी स्टेशन छोड़ने गया था। दोस्तों ने साथ चलने को कहा था, पर जमीन की मापी के कारण वह नहीं गया। 

चार बहनों में इकलौता भाई था राजकुमार 

सोसोबेड़ा गांव का रहने वाला राजकुमार चार बहनों के बीच इकलौता भाई था। मजदूरी और ड्राइवरी के जरिए वह पूरे परिवार और बहनों की जिम्मेदारी उठा रहा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

राजकुमार शनिवार को दिनभर सिल्ली थाना में आयोजित जनता दरबार में ड्यूटी पर था। उसके चेहरे पर कभी तनाव नहीं देखा, वह हमेशा मुस्कुराकर बात करता था। रात में ऐसा कदम उठा लेगा, यह मेरी सोच से परे है। - अरुणिमा एक्का, अंचल अधिकारी, सिल्ली




Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم