सिल्ली में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की पहल, विधायक अमित महतो ने दो स्कूलों में नए भवनों का किया शिलान्यास

mla-amit-mahato-laid-the-foundation-stone-for-new-buildings-in-two-schools-in-silli
ग्रामीणों को संबोधित करते विधायक अमित महतो।
अनूप महतो / सिल्ली (रांची): सरकारी स्कूलों की शिक्षण व्यवस्था सुधारने और छात्रों को बेहतर माहौल देने के लिए विधायक अमित महतो लगातार प्रयासरत हैं। गुरुवार को झारखंड शिक्षा परियोजना रांची के तहत एसएस 10+2 हाई स्कूल सिल्ली और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में चार-चार नए कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि अतिरिक्त कमरे बनने से स्कूलों में कमरों की कमी दूर होगी और छात्रों को बैठने में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनकर क्षेत्र व देश का नाम रोशन करें।

 बुजुर्ग महिलाओं ने रखी आधारशिला

शिलान्यास समारोह में खास पहल देखने को मिली। विधायक की उपस्थिति में एसएस प्लस+2 हाई स्कूल सिल्ली में बुजुर्ग महिला शशि बाला देवी और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में वासकी देवी के कर-कमलों से आधारशिला रखवाई गई।

कार्यक्रम में झामुमो नेता डॉ. अखिल महतो, सतीश तिवारी, रोहित महतो, बिन्देश्वर महतो, संजय महतो, समीर ठाकुर, अखिलेश कुम्हार, प्रकाश कोईरी, रमेश सिंह, अनिल महतो, सिल्ली मुखिया भरत मुंडा, कनीय अभियंता नंदलाल महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

शिक्षकों की कार्यशैली पर जताई नाराजगी

एसएस 10+2 विद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक ने शिक्षकों को कड़ी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विधायक होने के नाते शिक्षा व्यवस्था पर नजर रखना उनका लोकतांत्रिक दायित्व है। शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे नियमित रूप से स्कूल आएं, अनुशासन बनाए रखें और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें।

विधायक ने शिलान्यास के दिन प्रधानाध्यापक के अनुपस्थित रहने पर गहरी चिंता जताई और इसे संदेह का विषय बताया। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की ओर से पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं। अधिकांश शिक्षक रांची से ट्रेन द्वारा आवागमन करते हैं और रूटीन के अनुसार कक्षाएं नहीं लेते हैं। विधायक ने चेतावनी दी कि इन सभी त्रुटियों को दूर करने के लिए जल्द ही विद्यालय परिवार के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की जाएगी।


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने