प्रभारी सहायक प्रबंधक जय प्रकाश शर्मा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्रीकांत रजवार एवं मेसर्स राजयश एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के अंकित कुमार के खिलाफ धनवार थाना में प्राथमिकी दर्ज
अमित सहाय / गिरिडीह : गिरिडीह जिले के धनवार स्थित सरकारी खाद्यान्न गोदाम से हजारों क्विंटल सरकारी अनाज गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रीन कार्ड योजना का अनाज गोदाम में होना चाहिए था, लेकिन जांच में स्टॉक शून्य मिला। इस मामले में धनवार थाना में कांड संख्या 290/2026 दर्ज कर लिया गया है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी तेज कुमार हस्सा ने गोदाम के प्रभारी सहायक प्रबंधक जय प्रकाश शर्मा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्रीकांत रजवार एवं मेसर्स राजयश एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के अंकित कुमार के खिलाफ धनवार थाना में FRI दर्ज कराई है।
MD और DSO के औचक निरीक्षण में खुला राज
दरअसल, झारखंड राज्य खाद्य निगम की प्रबंध निदेशक रंजीता टोप्पो और डीएसओ ने धनवार गोदाम का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण में यह बात सामने आई कि ग्रीन कार्ड योजना के तहत गोदाम में हजारों क्विंटल अनाज की उपलब्धता होनी चाहिए, लेकिन संबंधित मद का स्टॉक शून्य मिला। वहीं, गोदाम की आगत, निर्गत और भंडार पंजी भी अपडेट नहीं पाई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत डीएसडीएस (ग्रीन कार्ड) मद में प्राप्त 8,000 क्विंटल से अधिक अनाज शेष होना चाहिए था। इसके विपरीत भौतिक जांच में स्टॉक शून्य मिला। जांच के दौरान डोर-स्टेप डिलीवरी के ऑनलाइन आंकड़ों में भी आवंटन और उठाव के बीच अंतर मिला।
शोकाज के बाद भी नहीं मिला संतोषजनक जवाब
स्टॉक में भारी अंतर और रजिस्टरों के अपडेट नहीं होने पर उपायुक्त ने एमओ और एजीएम को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। दोनों की तरफ से जो जवाब आया, वह संतोषजनक नहीं था। इसके बाद डीसी के निर्देश पर डीएसओ ने थाने में आवेदन दिया।
DSOके आवेदन पर कांड दर्ज, जांच जारी
मामले की जांच का जिम्मा एसआई सुजीत कुमार सिंह को सौंपा गया है। प्राथमिकी की पुष्टि धनवार के थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि जिला आपूर्ति पदाधिकारी के आवेदन पर कांड दर्ज करते हुए आगे की जांच की जा रही है।
गरीबों के हक का अनाज कहां गया?
ग्रीन कार्ड योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए है। गोदाम से इतनी बड़ी मात्रा में अनाज गायब होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर 8 हजार क्विंटल अनाज कहां गया? कागजों में हेराफेरी हुई या अनाज बाजार में बेच दिया गया? जांच के बाद ही पूरे घोटाले की परतें खुलेंगी ।

एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.