बीएयू कर्मी के घर से लाईसेंसी रायफल सहित लाखों के जेवरात की चोरी

KANKE,(NEWS)। राजधानी के कांके थाना स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय परिसर के श्रीदुर्गा पूजा स्थल के समीप स्थित बीएयू कर्मी दीपू उपाध्याय के बंद घर से अज्ञात चोरों ने ताला तोड़ कर लाईसेंसी रायफल सहित लाखों के जेवरात की चोरी कर ली है। 13 नवंबर को दीपू उपाध्याय छठ पूजा में अपने पैतृक घर गए थे। गुरुवार की सुबह पांच बजे जब वे सपरिवार लौटे तो देखा कि मुख्य ग्रिल में लगे ताला की एक कुंडी काटी हुई है।लेकिन उसको चतुराई से ऐसे सटाया हुआ था कि कुछ दूरी से ताला लगा हुआ ही दिखता था। दीपू उपाध्याय के अंदर घुसने पर कमरे में रखे सामना भी बिखरे मिले। जेवर के खाली डिब्बे और सामान बिखरे हुए थे। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना इंस्पेक्टर कुणाल कुमार को दी। वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी और डीएसपी अमर कुमार पांडेय को इसकी जानकारी दी। डीएसपी अमर कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे। तुरंत डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। वहां पड़े मिले एक शॉल को सुंघने के बाद प्रशिक्षित डॉग जुमार नदी के तट की ओर तक गया। इसके साथ ही एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की। दीपू उपाध्याय ने बाद में चोरी गए सामानों का मिलान कर थाने में लिखित प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने लिखा है कि बॉक्स का कुंडी उखाड़ कर उसमें रखे सोने के लगभग 320 ग्राम सोने के जेवर जिनमें गले का हार, चेन, चूड़ी, अंगूठी, झुमका, टीका, नथिया तथा लगभग 450 ग्राम चांदी के जेवर की चोरी हुई है। उनके 315 बोर की लाइसेंसी राइफल को भी चुरा लिया गया है। राइफल चोरी को लेकर पुलिस काफी गंभीर है। आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे आदि की भी जांच की जा रही है। दरअसल चोरी उनकी अनुपस्थिति के सात दिनों के बीच कब घटी इसका पता लगाना भी पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण है। हालांकि पुलिस अधिकारी टेक्निकल टीम आदि का सहयोग लेकर चोरों का पता लगाने में जुट गई है।

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने