GA4-314340326 गिरिडीह : बाभनटोली में घर में घुसकर व्यवसायी की पत्नी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

गिरिडीह : बाभनटोली में घर में घुसकर व्यवसायी की पत्नी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

Giridih: A businessman's wife was attacked with a sharp weapon after entering her house in Babhantoli.
घायल को लेकर अस्पताल पहुंचे लोग।
ब्यूरो चीफ/गिरिडीह: शहर की बाभनटोली स्थित काली बाबू हाता में गुरुवार को दिनदहाड़े व्यवसायी के घर में घुसकर महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घायल महिला की पहचान छड़-सीमेंट व्यवसायी संजय बरनवाल की पत्नी नीति बरनवाल के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि घटना के समय महिला घर में अकेली थीं, तभी एक युवक घर में घुसा और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। चीख-पुकार सुनकर परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। भाग रहे हमलावर को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया, जबकि लहूलुहान महिला को तत्काल शहर के मर्सी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हमलावर संजय का पुराना ड्राइवर निकला 

जानकारी के अनुसार हमलावर की पहचान संजय दास के रूप में हुई है, जो संजय बरनवाल के यहां चालक के रूप में काम करता था। कुछ दिन पूर्व किसी कारणवश उसे काम से हटा दिया गया था, जिससे वह नाराज चल रहा था। गुरुवार को किसी बात को लेकर संजय बरनवाल और संजय दास के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने उनकी पत्नी पर हमला कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी और अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही बरनवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष लखन लाल बरनवाल, जिलाध्यक्ष सुबोध बरनवाल सहित कई लोग मर्सी हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सलूजा गोल्ड के एमडी अमरजीत सिंह सलूजा ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन से गंभीरता से जांच की मांग की है। घटना के बाद बाभनटोली क्षेत्र में दहशत का माहौल है।





Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने