चलती ट्रेन से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुए जनसुराज पार्टी के मैनेजर का शव अनगड़ा में मिला, जांच में जुटी पुलिस

The body of a Jan Suraj Party manager, who had gone missing under suspicious circumstances from a moving train, has been found in Angara; police are investigating.
मूरी-रांची रेलखंड पर डुमरगढ़ी में झाड़ी में पड़ा शव, गुप्ता का फाइल फोटो व बरामद पहचान पत्र।

अनूप-अनिल / सिल्ली-अनगड़ा (रांची): रांची से पटना जाने के क्रम में सोमवार को जनशताब्दी एक्सप्रेस से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को अनगड़ा प्रखंड स्थित जरवाडीह के पास रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया। उनकी जेब से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी समेत कई कागजात मिले हैं। वह बिहार के बांकीपुर से विधायक व चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर थे। आरपीएफ ने प्रारंभिक जांच में आशंका जताई है कि चलती ट्रेन से गिरने के कारण देवपालिक की मौत हुई है। शव मिलने के बाद अनगड़ा पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है। उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

पेंट्रीकार से खाना लाने की बात कहकर निकले थे

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले देवपालिक गुप्ता अपने दो सहयोगियों गौतम और निशांत के साथ दुर्गा पूजा के दौरान पटना से रांची आए थे। सोमवार को वे तीनों रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस से पटना लौट रहे थे। यात्रा के दौरान जब ट्रेन अनगड़ा के आसपास पहुंची, तो देवपालिक ने अपने साथियों से कहा कि वह पेंट्रीकार या आगे की बोगी से कुछ खाने-पीने का सामान लेकर आते हैं। इसके बाद वह अपनी सीट पर वापस नहीं लौटे।

साथियों ने मुरी स्टेशन पर दर्ज कराई थी शिकायत

करीब दो घंटे तक जब देवपालिक अपनी सीट पर नहीं पहुंचे, तो उनके साथियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने ट्रेन के भीतर ही सभी बोगियों में उनकी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मुरी स्टेशन पहुंचकर उन्होंने इसकी शिकायत दर्ज कराई और 'रेल मदद' पोर्टल पर भी सूचना दी। शिकायत मिलने के तुरंत बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम हरकत में आई। रात में प्रारंभिक खोजबीन के बाद जब कोई सफलता नहीं मिली, तो अधिकारियों ने रेलवे ट्रैक की दोबारा छानबीन के लिए एक 'स्पेशल इंजन' की मदद ली। 

स्पेशल इंजन को करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी गति से पटरियों के साथ चलाया गया, ताकि हर एक हिस्से की बारीकी से जांच हो सके। इसी दौरान जरवाडीह के पास रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में उनका शव फंसा हुआ दिखाई दिया, जिसे टीम ने तुरंत बरामद कर लिया।

आईआईएमसी से पढ़ाई पूरी करने के बाद जनसुराज से थे जुड़े

देवपालिक गुप्ता ने वर्ष 2018 में आईआईएमसी (IIMC) दिल्ली से मासकॉम की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह राजनीति में सक्रिय हो गए और प्रशांत किशोर की पार्टी 'जनसुराज' में डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी इस अचानक और आकस्मिक मौत से राजनीतिक गलियारों और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनकी मौत को लेकर भी तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

घटना स्थल से शव उठाते लोग (वीडियो)





Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने