रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, डीएम मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों और JSCA पदाधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक
रांची : रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 9 अक्टूबर को खेले जाने वाले भारत बनाम वेस्टइंडीज द्वितीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मैच को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते उपायुक्त।
बैठक में लिए गए मुख्य निर्णय और निर्देश
दोपहर 3 बजे से मिलेगी एंट्री, बिना टिकट स्टेडियम के पास जमावड़े पर रोक : स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दोपहर 3 बजे से पहले बिना टिकट वाले दर्शकों को स्टेडियम के आसपास रुकने या इकट्ठा होने नहीं दिया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।
कतारबद्ध प्रवेश और प्रतिबंधित वस्तुएं : दर्शकों को निर्धारित गेटों से कतार में लगाकर ही स्टेडियम में प्रवेश कराया जाएगा। प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे समय से पहले पहुंचकर कतारबद्ध हो जाएं और स्टेडियम परिसर में कोई भी प्रतिबंधित वस्तु लेकर न जाएं।
कड़ा सुरक्षा और यातायात प्रबंधन: पूरे स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुख्ता सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सुगम आवागमन के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई है।
समयबद्ध समन्वय का निर्देश : जिला दंडाधिकारी ने विभिन्न सरकारी विभागों और जेएससीए के पदाधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल बिठाते हुए सभी जरूरी तैयारियों को समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि रांची की अंतरराष्ट्रीय छवि और मजबूत हो सके।
प्रशासन की अपील : ट्रैफिक रूल्स का करें पालन
जिला प्रशासन ने शहरवासियों और खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन करें, वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
बैठक में ये थे उपस्थित
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस अधिकारी आस्था शरण, जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी शामिल हुए
إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.