GA4-314340326 ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: बांस-बल्ली लगाकर किया रोड जाम

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: बांस-बल्ली लगाकर किया रोड जाम


रोड जाम करते पूर्व विधायक रामकुमार पाहन
angara(ranchi) सीआईटी-बाहया-झारखंड मोड़-चुरनी फाल रोड की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। बाहया तीन तिराहा के पास ग्रामीणों ने बांस-बल्ली लगाकर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस उग्र प्रदर्शन के कारण वाहनों और राहगीरों की आवाजाही ठप रही। इस मार्ग पर कई शिक्षण संस्थान और उद्योग स्थित है, जिससे जाम के चलते लोगों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, सिलवे मुखिया नूतन पाहन और भाजपा नेता अजय सिंह भोगता ने किया। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो रांची-मुरी मुख्य मार्ग को जाम किया जाएगा। 

दो दशक से नहीं हुई मरम्मत, जलप्रपात का विकास रुका 

पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि इसी मार्ग पर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल 'चुरनी फाल' जलप्रपात स्थित है, लेकिन सड़क जर्जर होने के कारण यहां आने वाले सैलानियों और फाल का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से इस सड़क का सौन्दर्यीकरण या मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके है और बरसात के दिनों में जलजमाव के कारण पैदल चलना भी मुहाल हो जाता है। मिलन चौक से सीआईटी होते हुए उलातू गांव तक की स्थिति बेहद नारकीय है। ज्ञात हो कि इसी मांग को लेकर 12 जुलाई को भी ग्रामीणों ने इसी जगह पर सड़क जाम की थी।

विधायक बोले- टेंडर प्रक्रिया में है सड़क निर्माण, जल्द शुरू होगा काम 

मामले को लेकर खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रांची-मुरी मार्ग से उलातू होते हुए बाहया झारखंड मोड़ तक 5 किलोमीटर लंबी सड़क का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। करीब 5.77 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का मजबूतीकरण होना है। विधायक ने स्पष्ट किया कि पहले इसके लिए टेंडर हुआ था, लेकिन 30 फीसदी से अधिक 'लेस' (कम दर) में डालने के कारण निविदा को रद्द करना पड़ा था। अब दोबारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि हर समस्या का क्रमवार समाधान निकाला जाएगा। 

प्रदर्शन में ये लोग रहे शामिल 

सड़क जाम और प्रदर्शन के दौरान सुनीता देवी, मुन्नी देवी, संदीप महतो, बलेश महतो, राजेश महतो, सुनील महतो, रितेश उरांव, विक्रम महतो, मनोज महतो, विकास करमाली, शिवा यादव, सत्या मुंडा, कैलाश महतो, निवारण प्रमाणिक, वोहान तिग्गा, दीपक महतो, वीरेन्द्र नाथ महतो और राहुल पाहन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने