angara(ranchi) राजाडेरा स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय के गेट से शिक्षक की बाइक उड़ाने वाले दो शातिर चोरों को अनगड़ा पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर रामगढ़ से चोरी की पल्सर बाइक भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनगड़ा के कुसुमटोली निवासी लक्ष्मण बिरहोर और सुनील बिरहोर उर्फ सोनू के रूप में हुई है। 13 अगस्त को हुई थी चोरी, फुटेज ने खोला राज घटना 13 अगस्त की है। राजाडेरा हाई स्कूल के शिक्षक रौशन सिंह मुंडा रोज की तरह अपनी काले रंग की पल्सर बाइक (जेएच05सीके 4513) स्कूल गेट के पास खड़ी कर अंदर गए थे। वहीं से चोरों ने बाइक उड़ा लिया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की जांच के दौरान पता चला की बाइक को चमघटी-गेतलसूद होते हुए ले जाया गया है। दो युवक बाइक को चोरी करके ले जा रहे है। सीसीटीवी फूटेज में कुसुमटोली के दोनों युवकों का सुराग मिला। इसके बाद गुरुवार रात पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। हत्या का आरोपी निकला लक्ष्मण बिरहोर पुलिसिया पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पकड़ा गया आरोपी लक्ष्मण बिरहोर पुराना आपराधिक इतिहास रखता है और पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल की हवा खा चुका है। रामगढ़ में बेची बाइक, खरीदार पुलिस को देखकर भागा दोनों आरोपियों ने बताया कि चोरी के तुरंत बाद उन्होंने पल्सर बाइक को रामगढ़ जिले के सहैदा गांव में एक युवक के हाथों बेच दिया था। जानकारी मिलते ही अनगड़ा पुलिस सहैदा गांव पहुंची और दबिश देकर बाइक बरामद कर ली। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही बाइक खरीदने वाला युवक मौके से भाग निकला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए उसके पिता को थाने ले आई है और फरार खरीदार की तलाश तेज कर दी है।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.