angara(ranchi) हरातू पंचायत के खालसा गांव में पिछले 10 दिनों से जारी बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने विभाग को चेतावनी दी है कि यदि जल्द नया और गुणवत्तापूर्ण ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो वे सिकिदिरी स्थित विद्युत सब-स्टेशन का सामूहिक रूप से घेराव और विरोध-प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का ट्रांसफार्मर करीब 10 दिन पहले जल गया था। इसके बाद विभाग ने दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया, लेकिन वह भी महज कुछ ही मिनटों में दोबारा खराब हो गया। विभाग की इस लापरवाही से पूरे गांव में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में बरसात का मौसम चल रहा है और यह क्षेत्र पहले से ही हाथी प्रभावित है। बारिश में सांप-बिच्छू और अन्य विषैले जीवों का खतरा काफी बढ़ गया है। ऐसे में गांव में बिजली न रहने से रात के समय घरों से निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को हो रही है। शाम और रात के समय रोशनी न होने के कारण उनकी पढ़ाई पूरी तरह से ठप पड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि इस गांव में बिजली विभाग से सेवानिवृत्त करीब 10 कर्मचारी भी निवास करते हैं, फिर भी विभाग द्वारा घटिया या खराब ट्रांसफार्मर भेजकर खानापूर्ति की जा रही है। यदि तत्काल प्रभाव से नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। इस दौरान बिक्की सिंह वालिया, गोविंदा कुमार, मुन्ना चौधरी, संतोष बिरहोर, सत्यपाल राउत, वीरेंद्र भद्र, प्रदीप सिंह, रोहित सिंह, वीणा देवी, कृष्ण गोपाल भद्र, मंजू देवी, वंदना बांडों, गीता देवी, लक्ष्मी देवी, ताहिर हुसैन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.