GA4-314340326 छात्राओं का विवाद सुलझाने गए 12वीं के छात्र को सरेआम बेरहमी से पीटा, पुलिस से भी दुर्व्यवहार

छात्राओं का विवाद सुलझाने गए 12वीं के छात्र को सरेआम बेरहमी से पीटा, पुलिस से भी दुर्व्यवहार

angara(ranchi)  प्लस टू हाई स्कूल चिलदाग के बाहर दो छात्राओं के बीच हुए मामूली विवाद को सुलझाना 12वीं के एक छात्र को भारी पड़ गया। गोंदलीपोखर चौक स्थित निर्माणाधीन मंदिर के पास एक छात्रा के परिजनों ने छात्र की सरेआम जमकर पिटाई कर दी। घटना में छात्र को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। इलाज के दौरान उसे लगातार उल्टी और दस्त होने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अनगड़ा में भर्ती कराया गया है।  

छात्राओं का झगड़ा छुड़ाना पड़ा भारी  

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर लगभग तीन बजे स्कूल की छुट्टी के बाद मुख्य द्वार के बाहर 12वीं कक्षा की दो छात्राओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा होने लगा। इनमें से एक छात्रा हेसल तथा दूसरी जोन्हा क्षेत्र की रहने वाली थी। इसी दौरान तुरूप निवासी 12वीं का एक छात्र वहां से गुजरा और दोनों छात्राओं के बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। शांत कराने के बाद छात्र अपनी साइकिल से घर लौटने लगा। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना हेसल निवासी छात्रा के परिजनों को दे दी। छात्र जैसे ही गोंदलीपोखर चौक के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए छात्रा के परिजनों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मौके पर भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने छात्र को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। 

 प्रिंसिपल और पुलिस ने बचाई जान  

उसी समय वहां से गुजर रहीं प्लस टू हाई स्कूल चिलदाग की प्रिंसिपल संगीता रवि की नजर घायल छात्र पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव कर छात्र को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ भी आरोपी परिजनों ने धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किया। इसके बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए छात्रा के पिता, भाई समेत अन्य परिजनों को हिरासत में लेकर अनगड़ा थाना ले आई। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते का प्रयास कराया जा रहा है, वहीं घायल छात्र का इलाज जारी है। 

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم